भगवान राम का किरदार निभा रहे देव शर्मा ने कहा- 'जय श्री राम' बोलने में मुझे कोई शर्म नहीं
मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्म 'श्री रामायण कथा' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले एक्टर देव शर्मा इन दिनों अपने रोल के साथ-साथ अपनी आस्था को लेकर दिए बयान की वजह से चर्चा में हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए देव ने कहा कि वह खुद को गर्व से सनातनी मानते हैं और भगवान राम के प्रति अपनी आस्था को सार्वजनिक तौर पर जाहिर करने में उन्हें कोई शर्म नहीं है। हालांकि, उनका मानना है कि आस्था जताने का तरीका हर इंसान का अपना होता है।
देव ने कहा, ''अगर आपने अमिताभ बच्चन की 'डॉन' देखी है, तो जब पहली 'डॉन' आई थी, उसका गाना काफी तेज और हाई पिच में था। एक तरह से उसमें चिल्लाकर लोगों को बताया गया कि 'मैं हूं डॉन।' जब शाहरुख सर की 'डॉन' आई, तो गाना बहुत स्मूथ और टोंड-डाउन तरीके से था। बिना किसी हाई पिच के आराम से कहा गया कि 'मैं हूं डॉन।'''
उन्होंने कहा, ''सनातन या किसी भी धर्म के प्रति अपनी आस्था जताने का तरीका भी कुछ ऐसा ही हो सकता है। किसी व्यक्ति को अपनी पहचान और विश्वास के बारे में खुलकर बोलना पसंद है तो वह ऐसा कर सकता है, जबकि कोई दूसरा इंसान उसी विश्वास को शांत तरीके से अपने जीवन में उतारना पसंद करता है।''
देव ने कहा, ''यह पूरी तरह व्यक्ति की अपनी पसंद है। अगर कोई इंसान अपनी आस्था को जोर से जाहिर करना चाहता है तो इसमें भी कोई समस्या नहीं है। वहीं, कोई व्यक्ति अपने विश्वास को अपने दिल में रखकर शांत तरीके से उसे जीना चाहता है, तो उसका तरीका भी उतना ही सम्मान के लायक है।''
उन्होंने कहा, ''मेरे लिए वह इंसान भी उतना ही अच्छा है, जो मंदिर तीन बार जाता है और 108 बार माला जपता है। और मुझे वह इंसान भी पसंद है, जो दिन में पांच बार नमाज पढ़ता है, क्योंकि कम से कम वह अपनी इबादत तो कर रहा है।''
बता दें कि देव शर्मा इस समय 'श्री रामायण कथा' में भगवान राम की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म में अंजलि अरोड़ा ने माता सीता का किरदार निभाया है, जबकि रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में दिखाई दिए हैं। शील वर्मा और निर्भय वाधवा भी फिल्म का हिस्सा हैं। यह फिल्म 25 सितंबर को रिलीज हुई थी।
--आईएएनएस
पीके/एएस