☰
×

यूएई के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद पहुंचे मुंबई, एस जयशंकर के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

 

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान सोमवार को आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने इसे भारत और यूएई के बीच मजबूत और निरंतर संवाद का प्रतीक बताया।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने मुंबई में यूएई के विदेश मंत्री का स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह उच्चस्तरीय दौरा दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करेगा। इस दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 19 और 20 अक्टूबर को अपने यूएई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित द्वि-साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर और उनके यूएई समकक्ष अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के बीच बैठक द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और पश्चिम एशिया की स्थिति के साथ-साथ वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर होगी।

विदेश मंत्री जयशंकर की आगामी बैठकों के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा, "19 और 20 अक्टूबर को विदेश मंत्री मुंबई में यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री महामहिम अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की आधिकारिक यात्रा के लिए मेजबानी करेंगे। 20 अक्टूबर को विदेश मंत्री अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ वार्ता करेंगे और मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल होंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "यूएई के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री की यात्रा भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने का अवसर होगी। दोनों प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फिनटेक, रक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में पहलों का आकलन करेंगे और उन्हें आगे बढ़ाएंगे। स्वाभाविक रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति के साथ-साथ वैश्विक और अन्य बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विस्तृत आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।"

--आईएएनएस

केके/डीकेपी