दिल्ली: 21 वर्षीय की छात्रा की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या से सनसनी, जिम ट्रेनर इमरान पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एक 21 वर्षीय की छात्रा और मॉडल की कथित तौर पर उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस को शक है कि वारदात में उसके जिम ट्रेनर का हाथ हो सकता है।
मृतक महिला की पहचान मुस्कान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार को जब कथित हमला हुआ, तब वह दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी। आरोपी, जिसकी पहचान इमरान के तौर पर हुई है, कथित तौर पर घर में घुसा, चाकू से उस पर हमला किया और मौके से भाग गया।
मदद के लिए मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे और उसे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, "हम आरोपी की तलाश कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आस-पास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उनके अनुसार, उसकी एक बड़ी बहन, जो अभी चंडीगढ़ में है, ने उन्हें फोन किया और हमले के बारे में पता चलने पर मुस्कान के घर तुरंत पहुंचने को कहा। मृतक महिला के एक दोस्त ने आईएएनएस को बताया, "मुझे एक कॉल आया था, लेकिन मुझे सही समय याद नहीं है। उन्होंने मुझे बताया कि वे घर पर नहीं हैं और कोई घर में घुसकर मुस्कान को चाकू मार गया है।"
दोस्त ने बताया कि कथित हमलावर की पहचान इमरान के तौर पर हुई है, जो उसी जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था जहां मुस्कान जिम करती थी। अमन ने कहा कि उन्होंने तुरंत एक और दोस्त से संपर्क किया और उसे घर पहुंचने और यह पक्का करने के लिए कहा कि मुस्कान को अस्पताल ले जाया जाए। जब तक वह वहां पहुंचा, एम्बुलेंस पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थी और उसे इलाज के लिए ले जा चुकी थी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मुस्कान की बहनों ने पहले भी इमरान की ओर से उसे परेशान करने को लेकर चिंता जताई थी। अमन ने कहा, "उसने पहले भी उसे परेशान किया था, और इस घटना के बाद तुरंत उस पर शक गया।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम