सुप्रीम कोर्ट के पास स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम ब्रिक्स समिट के दौरान रहेगा बंद
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स समिट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक पाबंदियों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार से तीन दिनों के लिए अपना म्यूजियम बंद रखने का फैसला किया है।
दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक हैंडल से जारी एक एडवाइजरी में अधिकारी ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर, 2026 (शुक्रवार से रविवार) तक बंद रहेगा। हम 15 सितंबर, 2026 (मंगलवार) को आप सभी का स्वागत करने के लिए वापस आएंगे, क्योंकि 14 सितंबर (सोमवार) को म्यूजियम की साप्ताहिक छुट्टी होती है।"
इससे पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जनता को अदालतों में आधिकारिक कामकाज और कानूनी मामलों की तारीखों में बदलाव के बारे में जानकारी दी थी, खासकर उन मामलों के बारे में जो भारत मंडपम में ब्रिक्स समिट स्थल के पास स्थित अदालतों से जुड़े हैं।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि 12 सितंबर को अदालतों में होने वाली नेशनल लोक अदालत अब 10 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।
निचली अदालतों में 11 और 12 सितंबर को छुट्टी रहेगी, इसलिए एडवाइजरी में कहा गया है कि इन दो तारीखों पर सूचीबद्ध मामले अब 14 सितंबर को सूचीबद्ध किए जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि मुकदमेबाजों को घर से निकलने से पहले अपने कोर्ट केस या लोक अदालत की नई तारीख देख लेनी चाहिए और हाई-सिक्योरिटी और ट्रैफिक-रेगुलेटेड जोन की अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए।
केंद्र और दिल्ली सरकारों ने भी ब्रिक्स प्रतिनिधियों के हाई-सिक्योरिटी वाले काफिलों की आवाजाही के लिए सड़कों पर भीड़ कम करने के मकसद से 11 सितंबर को छुट्टी घोषित की है।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों और कैब सर्विस प्रोवाइडर्स से यह भी आग्रह किया है कि वे उन रास्तों के लिए जारी एडवाइजरी को देख लें, जहां राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले आगामी ब्रिक्स समिट के कारण आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा, "ब्रिक्स समिट भारत में 11, 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक व्यवस्था की है।"
गुप्ता ने कहा कि एडवाइजरी दिल्ली पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और प्रिंट मीडिया के माध्यम से जनता के साथ साझा की जा रही है, ताकि आवाजाही के दौरान जनता को असुविधा न हो।
उन्होंने कहा, "हमने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं, जिनके तहत हम जनता को तय पॉइंट से डायवर्ट करेंगे। हमने अपने कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे जरूरत पड़ने पर लोगों को डायवर्ट किए गए रास्तों के बारे में जानकारी दें।"
उन्होंने कहा कि 11 सितंबर को सभी स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के बंद रहने से पुलिस के लिए ट्रैफिक व्यवस्था संभालना आसान हो जाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी