×

दिल्ली में शराब की दुकान में लूट, लुटेरों ने कर्मचारियों को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के पहाड़गंज के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित एक सरकारी शराब की दुकान पर लूटपाट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें एक को गोली लगी, जबकि दूसरे पर चाकू से हमला किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात की है। हथियारों से लैस दो बदमाश दुकान में लूट के इरादे से घुसे थे। आरोपियों के पास पिस्तौल और चाकू था।

उन्होंने कर्मचारियों को डराकर नकदी और अन्य सामान लूटने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने चार गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां निशाने से चूक गईं, जबकि एक गोली दुकान के एक कर्मचारी को जा लगी। वहीं दूसरे आरोपी ने एक अन्य कर्मचारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

हमलावरों ने तीसरे कर्मचारी का बटुआ भी लूट लिया, जिसमें करीब 1,500 रुपए नकद, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। हालांकि, दुकान के कर्मचारियों ने बदमाशों का डटकर विरोध किया, जिससे आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घायल कर्मचारियों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गईं। एक आरोपी नारंगी रंग की स्विगी टी-शर्ट और हेलमेट पहने दिखाई दिया, जबकि दूसरा काली टी-शर्ट और हेलमेट में नजर आया।

जांच में पता चला कि वारदात से कुछ घंटे पहले एक आरोपी दुकान पर आया था और उसने यूपीआई के जरिए बीयर की दो बोतलें खरीदी थीं। पुलिस ने डिजिटल भुगतान के जरिए आरोपियों की पहचान की और उनके ठिकाने तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

इसके बाद पुलिस ने साहिबाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल से भाग रहे दोनों आरोपियों का पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम