×

दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने मायापुरी में कांवड़ियों का किया स्वागत, इंतजामों का लिया जायजा

 

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी में लगे एक कैंप में कांवड़ियों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एक संदेश में कहा, "मायापुरी कांवड़ सेवा कैंप में हमने दिव्य कांवड़ियों का फूलों की वर्षा से स्वागत किया और प्रसाद बांटने का सौभाग्य प्राप्त किया।"

तीर्थयात्रियों के लिए कैंप में इंतजामों का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा, "बाबा भोलेनाथ सभी कांवड़ियों की यात्रा मंगलमय करें और उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करें।"

उन्होंने 'एक्‍स' पर लिखा, "इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, उमंग बजाज, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और बड़ी संख्या में शिव भक्त मौजूद थे।"

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अप्सरा बॉर्डर पर एक कांवड़ सेवा शिविर का दौरा किया था, जहां उन्होंने कांवड़ियों का स्वागत किया। उन्‍होंने पहले कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में भक्तों के सुचारू आवागमन और ठहरने की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "कई कांवड़ कैंप लगाए गए हैं और हजारों कांवड़िये दिल्ली आ रहे हैं। शहर कांवड़ ले जा रहे सभी शिव भक्तों का स्वागत और अभिनंदन कर रहा है। हमने सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं।"

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कैंपों को वित्तीय सहायता दे रही है और तीर्थयात्रा के दौरान उचित स्वच्छता और ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने कहा, "हम वित्तीय सहायता भी दे रहे हैं, स्वच्छता बनाए रख रहे हैं और यातायात का प्रबंधन कर रहे हैं। दिल्ली यातायात पुलिस इन इंतजामों की देखरेख कर रही है, ताकि कांवड़ियों को कोई असुविधा न हो।"

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी तीर्थयात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

उन्‍होंने कहा, "अभी-अभी, दिल्ली-यूपी सीमा पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांवड़ियों और शिव भक्तों का बड़े उत्साह के साथ स्वागत किया। दिल्ली सरकार ने उनके स्वागत, उन्हें जरूरी सुविधाएं प्रदान करने और उनकी यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री और पूरी सरकार ने इन इंतजामों को करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया है।"

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी