×

'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' सम्मान जलवायु परिवर्तन का सामना कर रहे देशों को समर्पित : पीएम मोदी

 

विक्टोरिया (सेशेल्स), 28 जून (आईएएनएस)। सेशेल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व के लिए देश का सर्वोच्च सम्मान 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सेशेल्स की जनता और सरकार का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने यह सम्मान उन सभी देशों को समर्पित किया जो जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण को अपना दायित्व मानते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "मुझे 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' सम्मान से सम्मानित करने के लिए सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का हृदय से आभार।"

उन्होंने कहा, "मैं विनम्रतापूर्वक यह सम्मान स्वीकार करता हूं और इसे उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो जलवायु परिवर्तन की चुनौती से लड़ रहे हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा को अपना दायित्व मानते हैं। यह एक ऐसी चुनौती है, जिससे हमें मिलकर निपटना होगा।"

जलवायु परिवर्तन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत हमारी धरती को अधिक हरित और सतत बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। इसकी झलक हमारी घरेलू नीतियों, मिशन लाइफ पर विशेष जोर तथा इंटरनेशनल सोलर अलायंस और कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी वैश्विक पहलों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।"

यह सम्मान सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों तथा उनके हरित विकास के दृष्टिकोण की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना है।

दोनों देशों के बीच विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के आदान-प्रदान के बाद संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "डॉ. पैट्रिक हर्मिनी, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों और मीडिया के साथियों का धन्यवाद। आपके आत्मीय स्वागत और आतिथ्य के लिए मैं राष्ट्रपति हर्मिनी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' सम्मान से सम्मानित किया जाना मेरे लिए और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए उन सभी देशों को समर्पित करता हूं, जो जलवायु परिवर्तन की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व मानते हैं।"

यह सम्मान जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और हरित विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की शृंखला में नवीनतम उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री मोदी को 30 से अधिक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा प्रदान किए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान, शैक्षणिक सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सम्मान शामिल हैं।

--आईएएनएस

केके/एएस