स्पेन के जंगल में लगी आग पर मशक्कत के बाद पाया गया काबू, मृतकों की संख्या 13 हुई; 10 अब भी लापता
मैड्रिड, 13 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन के दक्षिण-पूर्वी प्रांत अल्मेरिया में जंगल की आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि क्षेत्रीय अधिकारियों ने घोषणा की है कि आग पर काबू पा लिया गया है।
ताजा आधिकारिक डेटा के अनुसार, सात घायल लोग अभी भी हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। स्पेन के पब्लिक ब्रॉडकास्टर आरटीवीई के अनुसार, आग से प्रभावित कई लोग विदेशी नागरिक हैं।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दक्षिणी स्पेन के ऑटोनॉमस कम्युनिटी अंडालूसिया के हिस्से, अल्मेरिया में लॉस गैलार्डोस म्युनिसिपैलिटी के पास गुरुवार को जंगल में आग लगी थी और इसने लगभग 7,000 हेक्टेयर जमीन को जला दिया था।
आधिकारिक तौर पर लापता दस लोगों का अभी तक पता नहीं चला है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने कहा कि आग पर काबू पाने से वे इमरजेंसी रिस्पॉन्स का स्तर कम कर पाए हैं। बाकी बचे लगभग 1,000 लोगों को उनके घरों में लौटने की इजाजत दी जा सकी है। इससे पहले शनिवार को लगभग 600 लोगों को वापस जाने की इजाजत दी गई थी।
जंगल में आग लगने के कारण की जांच अभी भी चल रही है। मुख्य अनुमान यह है कि यह बिजली के खंभे या केबल के गिरने से लगी होगी।
अंदालुसिया की क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख जुआनमा मोरेनो ने रविवार को कहा कि जंगल की आग अब आगे नहीं बढ़ रही है और उसे उसके दायरे में ही रोक दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आग पर पूरी तरह से काबू पाने और उसे बुझाने से पहले और काम करने की जरूरत है।
मोरेनो ने कहा कि यह आग अंडालूसिया के हाल के इतिहास की सबसे गंभीर आग थी और उन्होंने जनता और अधिकारियों दोनों से जलवायु परिवर्तन को बहुत गंभीरता से लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वजह से हालात और भी मुश्किल हो रहे हैं और जंगल में इतनी बड़ी आग लग रही है कि उससे निपटना और भी मुश्किल होता जा रहा है।
--आईएएनएस
केके/पीएम