गाजियाबाद में असद के एनकाउंटर पर उपमुख्यमंत्री बोले, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद में 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान की हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। इसे लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हत्या में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पुलिस ने सूर्या के हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी मारा गया। इस हत्या और अपराध में शामिल हत्यारों और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे।
इस मामले पर गाजियाबाद की पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रीना भाटी ने आईएएनएस से कहा कि परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद थी और सरकार ने कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बनाए रखा। यह एनकाउंटर एक कट्टरपंथी सोच वाले व्यक्ति के साथ हुआ है। भविष्य में अगर कोई भी ऐसी विचारधारा पर चलेगा, तो उसका भी यही हश्र होगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, असद पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। असद पर आरोप है कि 28 मई को एक 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किया गया था और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिश के बावजूद सूर्य प्रताप चौहान को बचाया नहीं जा सका था।
बता दें कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि असद अपने साथियों से पैसे लेकर भागने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बैरिकेड लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक से अपने एक साथी के साथ जा रहे असद को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस एनकाउंटर के दौरान एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी है। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की मौत को इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस में एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार बढ़ रही थी।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम