कोटिया विवाद पर चर्चा नहीं होने पर कांग्रेस विधायक ने दी ओडिशा विधानसभा में आत्मदाह की धमकी
भुवनेश्वर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गतिरोध ने शुक्रवार को एक नया मोड़ ले लिया, जब कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक तारा प्रसाद बाहिनीपति ने चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार कोटिया विवाद पर चर्चा नहीं करती है, तो वे सदन के भीतर ही आत्मदाह कर लेंगे।
शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन ओडिशा विधानसभा में विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के सदस्यों ने भारी हंगामा किया। उनका आरोप था कि चक्रवात 'अर्नब' और उसके बाद हुई भारी बारिश के दौरान सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही, जिसके कारण गंजाम में विनाशकारी बाढ़ आई।
इसके अलावा, सीमा पर स्थित कोटिया इलाके को लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच चल रहे विवाद पर भी विपक्ष ने हंगामा किया। विपक्षी दलों के इस हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी को सदन की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए बहिनीपति ने ओडिशा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर अड़ियल रवैया अपनाने और विधानसभा में कोटिया विवाद पर चर्चा न होने देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है और सत्ताधारी दल विपक्ष की चिंताओं को सुनने के मूड में नहीं है।
बहिनीपति ने कहा, "मैंने कल भी कहा था और आज मौजूद मंत्रियों से भी कहा कि अगर सरकार चर्चा कराने से इनकार करती है, तो मैं सदन के भीतर आत्मदाह करने के लिए मजबूर हो जाऊंगा। मेरी मातृभूमि सबसे पहले है। मैं अपनी पार्टी के हितों को एक तरफ रख सकता हूं, लेकिन मेरी मातृभूमि हर चीज से ऊपर है। हमारी मातृभूमि हमारे जीवन से भी अधिक कीमती है।"
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि जब तक कोटिया मुद्दे पर चर्चा नहीं होती और राज्य के क्षेत्रीय हितों की रक्षा नहीं की जाती, तब तक पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
वहीं, भाजपा ने विपक्षी दलों पर सदन की कार्यवाही न चलने देने और राज्य सरकार पर झूठा आरोप लगाने का पलटवार किया।भाजपा ने कहा कि बहिनीपति कोरापुट से सबसे ज्यादा बार चुनाव जीते हैं और इस जिले से उनकी पार्टी के सबसे ज्यादा विधायक और एक सांसद भी हैं।
पार्टी ने जोर देकर कहा कि कोटिया विवाद 50 साल पुराना मुद्दा है, न कि कोई ऐसा मामला जो पिछले दो वर्षों में सामने आया हो।
एक भाजपा विधायक ने कहा, "जहां तक आत्मदाह की धमकी की बात है तो बेहतर होता कि उन्होंने यह कदम बीजद सरकार के समय उठाया होता।"
गुरुवार को सर्वदलीय बैठक में हुई चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी