×

कांग्रेस पार्टी टीवीके को समर्थन देकर तमिलनाडु के जनमत संग्रह को आकार दे रही : कार्ति चिदंबरम

 

चेन्नई, 6 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने बुधवार को कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की जनता के फैसले को साकार रूप दे रही है।

उनकी प्रतिक्रिया तब आई जब कांग्रेस ने औपचारिक रूप से अभिनेता-राजनेता विजय की तमिलगा वेत्री कजगम (टीवीके) को तमिलनाडु में अगली सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा की।

साथ ही यह स्पष्ट किया कि यह समर्थन गठबंधन से 'सांप्रदायिक ताकतों' को दूर रखने की शर्त पर आधारित होगा। कांग्रेस ने चुनावी नतीजों को संवैधानिक मूल्यों पर आधारित 'धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी सरकार' के लिए एक मजबूत जनादेश बताया था। राज्य में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। जबकि, टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है।

कार्ति चिदंबरम ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "तमिलनाडु की जनता ने बदलाव का जनादेश दिया है। यह जनादेश डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधनों से बदलाव का है। उन्होंने स्पष्ट रूप से विजय और टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार के लिए जनादेश दिया है।"

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने किसी एक पार्टी को जनादेश नहीं दिया है।

चिदंबरम ने कहा, "लोगों ने कहा है कि विजय आगे बढ़ो और सरकार बनाओ, लेकिन कृपया बहुमत और एक स्थिर सरकार के लिए कुछ अन्य पार्टियों को भी शामिल कर लो और विजय यही कर रहे हैं।"

कार्ति चिदंबरम ने आगे कहा, "विजय तमिलनाडु की जनता के जनादेश का सम्मान कर रहे हैं। वे राजनीतिक दलों से संपर्क कर रहे हैं और कह रहे हैं कि 'मैं यहां सबसे बड़ा दल हूं, जनता ने मुझे सरकार बनाने के लिए वोट दिया है। लेकिन एक स्थिर और धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए मुझे अन्य राजनीतिक दलों के सहयोग की आवश्यकता है। मैं आपका समर्थन चाहता हूं।'"

कार्ति चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस केवल टीवीके के संपर्क पर प्रतिक्रिया दे रही है। उन्होंने कहा, "हम अभी जो कर रहे हैं, वह तमिलनाडु की जनता के फैसले को आकार और मूर्त रूप दे रहे हैं। हम किसी भी रूप में सांप्रदायिक ताकतों को सरकार में नहीं आने देना चाहते। हम बहुत स्पष्ट हैं कि हम एक स्थिर और धर्मनिरपेक्ष सरकार चाहते हैं और तमिलनाडु में एक धर्मनिरपेक्ष और स्थिर सरकार का समर्थन करेंगे। इसलिए जाहिर है कि पार्टियां दीर्घकालिक संबंध चाहती हैं और यह हमारे समर्थन पत्र में स्पष्ट रूप से व्यक्त किया गया है।"

--आईएएनएस

ओपी/एबीएम