×

बंगाली अभिनेता-राजनेता सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ दर्ज कराई गई मारपीट की शिकायत

 

कोलकाता, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बंगाली अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व एमएलए सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ एक बढ़ई के साथ मारपीट करने के आरोप में शिकायत दर्ज की गई है। शिकायत करने वाले राजकपूर शर्मा सोमवार को बेहाला पुलिस स्टेशन पहुंचे थे।

शिकायत के अनुसार, बढ़ई की सोमवार को कथित तौर पर पिटाई कर दी गई, जब वह सोहम के घर पर उस काम का बकाया पैसा मांगने गया था, जो उसने एक्टर के घर पर किया था।

पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में राजकपूर ने बताया कि 12 मई को उन्हें दक्षिण कोलकाता के बेहला इलाके में सोहम के घर पर एक अलमारी बनाने का काम मिला था। इसके लिए 55,000 रुपये का कॉन्ट्रैक्ट हुआ और 30,000 रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए। जब ​​काम का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो गया, तो बढ़ई को दो और अलमारियां बनाने का काम सौंपा गया।

राजकपूर का आरोप है कि लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। जब उन्हें और पैसे नहीं मिले, तो वे अपने बकाया पैसे मांगने गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय एक्टर ने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट भी की। उन्होंने अपनी शिकायत में एक्टर के बॉडीगार्ड टोटन सरदार का नाम भी लिया है। एक्टर और उनके बॉडीगार्ड पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और उनका फोन छीनने का आरोप है।

बढ़ई ने बताया कि सोहम के एक सिक्योरिटी गार्ड ने रविवार को उसे फोन करके अपने घर बुलाया। इसके बाद वह सोमवार को वहां गया। उसे काफी देर तक इंतजार कराया गया और कहा गया कि उसे उसके पैसे मिल जाएंगे। फिर और इंतजार न कर पाने पर उसने अपने बकाया पैसे मांगे। उसके साथ बुरा बर्ताव किया गया। आरोप है कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और बाद में उसे बुरी तरह पीटा गया और घर से बाहर धकेल दिया गया।

इसके बाद, वह बेहला पुलिस स्टेशन गए और सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ मारपीट की लिखित शिकायत दर्ज कराई। एक्टर ने अभी तक इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इससे पहले भी सोहम चक्रवर्ती पर कई आरोप लग चुके हैं। पिछले साल जुलाई में एक्टर पर एक बिजनेसमैन के साथ 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने, जान से मारने की धमकी देने और विश्वासघात करने का आरोप लगा था।

हुगली जिले के आरामबाग के रहने वाले, 'सोनम मूवीज' के प्रमुख और बिजनेसमैन शेख शाहिद इमाम ने दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज स्थित चारू मार्केट पुलिस स्टेशन में भी अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

इससे पहले, जब वे विधायक थे, तो शहर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान मतभेदों, धमकियों और एक रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ मारपीट के आरोप लगे थे।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम