☰
×

बेंगलुरु में कॉलिन्स एयरोस्पेस की पहली एमआरओ सुविधा की रखी गई आधारशिला, 2,100 नौकरियां पैदा होंगी: एमबी पाटिल

 

बेंगलुरु, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने मंगलवार को बेंगलुरु के देवनहल्ली एयरोस्पेस पार्क में भारत की पहली 'मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहाल' (एमआरओ) सुविधा के लिए कॉलिन्स एयरोस्पेस की आधारशिला रखी। इस परियोजना से 2,100 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार ने इस सुविधा के लिए 26 एकड़ जमीन आवंटित की है, जिससे कॉलिन्स एयरोस्पेस को एशिया-प्रशांत बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि देश के एयरोस्पेस क्षेत्र में कर्नाटक की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत है और यह नई सुविधा राज्य से निर्यात गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले पांच वर्षों में भारत में 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है। देवनहल्ली में उनकी विनिर्माण इकाई का उद्घाटन पिछले साल नवंबर में किया गया था।

पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार ने एक नई एयरोस्पेस और रक्षा नीति पेश की है, जिसका उद्देश्य 2031 तक इस क्षेत्र में 60,000 करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित करना और 60,000 नौकरियां पैदा करना है।

इस नीति में सात प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिनमें एमआरओ सुविधाओं का विकास, विमान निर्माण के लिए एक एकीकृत इकोसिस्टम बनाना, रक्षा प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देना और नवाचार (इनोवेशन) को प्रोत्साहित करना शामिल है।

कॉलिन्स एयरोस्पेस की इस परियोजना को भारत में किसी वैश्विक 'ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर' (ओईएम) द्वारा अपनी तरह की पहली पहल बताते हुए पाटिल ने कहा कि यह सुविधा एटीआर 42 और एटीआर 72 विमानों के साथ-साथ सी295 सैन्य विमानों में इस्तेमाल होने वाले 568 एफ-क्लास प्रोपेलर्स के लिए सेवाएं प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना बेंगलुरु को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक 'एविएशन सर्विसेज हब' (विमानन सेवा केंद्र) के रूप में उभरने में मदद करेगी और राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए अवसर पैदा करेगी।

एमबी पाटिल ने अगले साल अप्रैल में होने वाली 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट' से पहले एक सम्मेलन आयोजित करने की योजना की भी घोषणा की। इस सम्मेलन में वैश्विक आईईएम, टियर-1 कंपनियों और छोटे व मध्यम उद्यमों (एसएमई) को एक साथ लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार और रक्षा क्षेत्र में विमान रखरखाव व मरम्मत सेवाओं (एमआरओ) की बढ़ती मांग को देखते हुए, एयरोस्पेस के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए घरेलू एमआरओ सुविधाओं का विकास करना बहुत जरूरी है।

उन्होंने आगे बताया कि राज्य ने एक अलग 'नागरिक उड्डयन नीति' भी तैयार की है, जिसे कैबिनेट की अगली बैठक में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। यह नीति केंद्र सरकार की 'उड़ान' क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना को भी समर्थन देगी।

इस कार्यक्रम में चिक्काबल्लापुर के सांसद डॉ. के. सुधाकर, कॉलिन्स एयरोस्पेस के प्रमुख अजय महाजन और कॉलिन्स एयरोस्पेस प्रोपेलर सिस्टम्स के महाप्रबंधक जीन-फ्रांस्वा चानुवत ने सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के प्रधान सचिव सेल्वकुमार और कॉलिन्स एयरोस्पेस के वरिष्ठ निदेशक बिनु कृष्णमूर्ति भी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी