×

मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए तिरुचिरापल्ली का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री विजय

 

चेन्नई, 1 जून (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और 'तमिलगा वेत्री कझगम' (टीवीके) के अध्यक्ष विजय सोमवार शाम तिरुचिरापल्ली (त्रिची) का दौरा करेंगे।

मुख्यमंत्री विजय लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए त्रिची का दौरा कर रहे हैं। वे तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीट के मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे।

तमिलनाडु में टीवीके की बंपर जीत हुई तो पार्टी के अध्यक्ष विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीटे जीती थीं।

चुनाव जीतने के बाद विजय ने पेराम्बुर सीट अपने पास रखा और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। अब इस सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विजय मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए एक विशेष विमान से तिरुचिरापल्ली जाएंगे और उनके शाम करीब 4 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है।

मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद विजय की यहां की यह पहली यात्रा होगी। उनकी इस यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के उपस्थित होने की उम्मीद है, जिसको देखते हुए सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम को सुचारू तौर पर संचालित करने के लिए कार्यक्रम स्थल के अंदर और आसपास, साथ ही मुख्यमंत्री के यात्रा मार्ग पर लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

टीवीके मुख्यालय ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंत्री आनंद की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि जिनके पास क्यूआर कोड होंगे केवल उन्हीं को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

बयान में यह भी बताया गया है कि सुरक्षा कारणों से, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, स्कूली छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग व्यक्तियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं वाले लोगों को क्यूआर-कोड पास जारी नहीं किए गए हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए टीवीके नेताओं की ओर से सुरक्षाकर्मियों और आयोजकों के सहयोग की अपील की गई है।

--आईएएनएस

एसडी/एएस