त्रिपुरा के छात्र की मौत पर सीएम साहा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात की, पांच गिरफ्तार
अगरतला, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को देहरादून में छात्र एंजेल चकमा पर हुए क्रूर हमले के संबंध में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। सरकारी अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक कांस्टेबल के 24 वर्षीय बेटे एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर रूप से घायल चकमा ने शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री साहा को बताया कि इस घटना के संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री साहा ने कहा, "मैंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से त्रिपुरा के देबराम ठाकुर पारा के नंदनगर निवासी हमारे छात्र एंजेल चकमा के साथ हुई दुखद घटना के संबंध में बात की। एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में बदमाशों ने बेरहमी से हमला किया था और बाद में ग्राफिक एरा अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।"
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "उत्तराखंड के मुख्यमंत्री (पुष्कर सिंह धामी) ने मुझे बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आगे की जांच जारी है, और उन्होंने आश्वासन दिया है कि न्याय मिलेगा।"
उत्तराखंड के एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे एंजेल चकमा पर नस्लीय भेदभाव से प्रेरित हमले में गंभीर चोटें आईं थीं।
अगरतला में मृतक के परिवार के सूत्रों के अनुसार, यह घटना 9 दिसंबर की शाम को देहरादून के सेलाक्वी इलाके में हुई।
पीड़ित के भाई माइकल चकमा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, दोनों भाई, माइकल और एंजेल, आवश्यक सामान खरीदने के लिए बाहर गए थे, तभी उन्हें शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने रोक लिया।
बहस से शुरू हुई बात जल्द ही हिंसा में तब्दील हो गई; हमलावरों ने कथित तौर पर नस्लीय गालियां दीं और उनके रंग-रूप पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
जब भाइयों ने इसका विरोध किया, तो स्थिति एक क्रूर हमले में तब्दील हो गई।
एक अन्य विश्वविद्यालय के छात्र माइकल चकमा ने आरोप लगाया कि उनके सिर पर कलाई में पहनने वाले 'कड़ा' से वार किया गया।
एंजल को हमले का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, और उसकी गर्दन और पेट सहित शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किया गया।
उन्हें तुरंत ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया और ईसीयू में भर्ती कराया गया।
लंबे समय तक चिकित्सा उपचार के बावजूद, शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
उत्तराखंड पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
--आईएएनएस
एमएस/डीकेपी