☰
×

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बारापुल्ला फेज-III कॉरिडोर का किया निरीक्षण, 29 सितंबर को अमित शाह करेंगे उद्घाटन

 

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि बारापुल्ला एलिवेटेड रोड फेज-III कॉरिडोर जनता के लिए तैयार है और इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अमित शाह 29 सितंबर को करेंगे।

सीएम ने उद्घाटन से पहले पूरे कॉरिडोर का निरीक्षण करने के बाद एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने कहा, “बारापुल्ला एलिवेटेड रोड फेज-III अब दिल्लीवासियों की सेवा के लिए तैयार है। केंद्रीय एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी द्वारा 29 सितंबर को इसके उद्घाटन से पहले आज मैंने पूरे कॉरिडोर का निरीक्षण किया।”

उन्‍होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के अवसंरचना विकास को नई गति मिल रही है। ऐसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं दिल्ली की कनेक्टिविटी और विकास को नई दिशा दे रही हैं।

सीएम ने बताया, "यह बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर मयूर विहार फेज-I से एम्स तक सिग्नल-मुक्त कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच यात्रा सुगम होगी और नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलेगी।"

3.5 किलोमीटर लंबा चार लेन का यह एलिवेटेड कॉरिडोर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-I और सराय काले खान के बीच सिग्नल-मुक्त संपर्क प्रदान करेगा और एम्स सहित मध्य और दक्षिणी दिल्ली की ओर मौजूदा बारापुल्ला नेटवर्क से जुड़ेगा।

इस परियोजना का निर्माण लगभग 1,635 करोड़ रुपए की संशोधित अनुमानित लागत से किया गया है। एक बार चालू हो जाने पर इस कॉरिडोर से पूर्वी दिल्ली और नोएडा से एम्स और दक्षिणी दिल्ली के अन्य हिस्सों की ओर जाने वाले यात्रियों का यात्रा समय काफी कम होने की उम्मीद है। व्यस्त समय में लगभग 35-40 मिनट लगने वाली यह यात्रा, सिग्नल-मुक्त मार्ग से लगभग 15 मिनट में पूरी होने की उम्मीद है।

इस कॉरिडोर में पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए समर्पित बुनियादी ढांचा भी शामिल है, जिसमें यमुना के बाढ़ क्षेत्र के पार एक साइकिल ट्रैक भी शामिल है। इससे सराय काले खान, रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईओवर और एनएच-24 जैसे प्रमुख बिंदुओं पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

बारापुल्ला फेज-III परियोजना को 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे शुरू में 2017 में पूरा करने का कार्यक्रम था, लेकिन इस साल पूरा होने से पहले इसमें कई देरी हुई।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी