पीएम मोदी की तारीफ पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार की सराहना की, विपक्ष पर साधा निशाना
मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार की उन टिप्पणियों का स्वागत किया, जिनमें उन्होंने भारत की वैश्विक साख बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की थी, साथ ही उन्होंने विपक्ष पर भी तंज कसा, जो प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं की आलोचना करता रहा है।
शरद पवार ने मंगलवार की शाम को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि भले ही हमारी राजनीतिक विचारधाराएं और सोच अलग-अलग हों, लेकिन राष्ट्र हित से जुड़े मामलों में राजनीति को कभी नहीं लाना चाहिए।
वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के बारे में बात कर रहे थे। शरद पवार ने पीएम मोदी के काम करने के तरीकों की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर भारत का कद बढ़ाने और देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज, हमारा देश एक नए और अलग मोड़ पर खड़ा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक विचार निश्चित रूप से अलग हो सकते हैं, लेकिन कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को मजबूत कर रहे हैं। जब देश की पहचान और प्रतिष्ठा की बात आती है तो सभी राजनीतिक दलों को अपने मतभेद भुला देने चाहिए।
शरद पवार ने आगे पूर्व प्रधानमंत्रियों के उदाहरण देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और डॉ. मनमोहन सिंह जैसे नेताओं ने हमेशा राष्ट्र हित और भारत की वैश्विक स्थिति को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी तरह देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। पवार ने इस बात पर भी जोर दिया कि समाज में काम करते समय, लोगों को पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठना चाहिए और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए।
इस पर सीएम फडणवीस ने शरद पवार जैसे अनुभवी नेता की इस प्रतिक्रिया को बेहद परिपक्व और महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि शरद पवार ने जो कहा है, वह बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में जब कई लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे थे, यह सवाल उठा रहे थे कि वे विदेश यात्राएं क्यों करते हैं और वहां क्या होता है, भारत ने विभिन्न देशों के साथ कई महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। इन समझौतों की वजह से अगले 20 वर्षों के लिए हमारा भविष्य सुरक्षित हो गया है, इसीलिए शरद पवार ने अनावश्यक आलोचना न करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री देश के लिए काम करने के उद्देश्य से विदेश यात्रा कर रहे हैं। इसलिए, उनकी आलोचना करना अनुचित है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी