×

'बंगाल में वंदे मातरम् संग्रहालय बनेगा', बंकिम चंद्र की 189वीं जयंती पर सीएम सुवेंदु अधिकारी का ऐलान

 

कोलकाता, 26 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के रचयिता ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की 189वीं जयंती के अवसर पर राज्य में 'वंदे मातरम् संग्रहालय' स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने उत्तर कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट स्थित बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के पैतृक आवास पर आयोजित जयंती समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बंकिम चंद्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और संग्रहालय की स्थापना की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग की ओर से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती का आधिकारिक आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार तुष्टिकरण की राजनीति करती थी, लेकिन अब पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवादी सरकार है और ऐसे राष्ट्रवादी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, "ऋषि बंकिम चंद्र की स्मृतियों से जुड़े इस घर में चोरों, लुटेरों, चरित्रहीनों और ठगों की चर्चा करना उचित नहीं है। ऐसी बातों के लिए दूसरी जगहें हैं।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि वंदे मातरम् संग्रहालय के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में पहले ही धनराशि का प्रावधान किया जा चुका है। यह बजट 22 जून को राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने विधानसभा में पेश किया था।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संग्रहालय राष्ट्रीय स्तर का होगा और इसे उसी मानक के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह विपक्ष के नेता के रूप में बंकिम चंद्र के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देने जा रहे थे, तब तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने उनके रास्ते में बाधा उत्पन्न करने के लिए जानबूझकर पहुंच मार्ग की खुदाई करवा दी थी।

उन्होंने कहा, "पिछले साल इसी दिन मेरे कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की गई थी, लेकिन हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने उन्हें इसका करारा जवाब दे दिया।"

--आईएएनएस

डीएससी