×

जामिया बोर्ड 12वीं परिणाम घोषित, छात्राओं का जलवा बरकरार

 

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) ने सोमवार को शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर से बाजी मारी है।

जारी रिजल्ट के मुताबिक, इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए सभी छात्रों में से, कुल पास प्रतिशत 92 रहा। इसमें लड़कियों ने तीनों, स्ट्रीम साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स, में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

साइंस स्ट्रीम में, 94.84 प्रतिशत छात्राएं और 91.4 प्रतिशत छात्र परीक्षा पास करने में सफल रहे। कॉमर्स स्ट्रीम में, 92.77 प्रतिशत छात्राएं और 85.27 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास की। जबकि, आर्ट्स स्ट्रीम में, 97.64 प्रतिशत छात्राएं और 88.77 प्रतिशत छात्रों ने बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक पास की।

ये नतीजे जेएमआई के वाइस चांसलर (वीसी) मजहर आसिफ और संस्थान के रजिस्ट्रार मो. महताब आलम रिजवी ने, संस्थान के परीक्षा नियंत्रक एहतेशामुल हक के साथ मिलकर, विश्वविद्यालय के अधिकारियों और जामिया स्कूल के प्रिंसिपलों की मौजूदगी में घोषित किए।

साइंस स्ट्रीम में, जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल की साइमा रिजवी ने 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मो कलीम अंसारी ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मो मुआज आलम ने 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

कॉमर्स स्ट्रीम में जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मो. साहिल सैफी ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ परीक्षा में टॉप किया। जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल की ही रुखसार परवीन और लाइबा अय्यूबी ने 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शयान हसन खान ने 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

आर्ट्स स्ट्रीम में, जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की काशिफा ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इल्मा शमीम और जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हलीमा परवीन, दोनों ने 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम