×

'क्लास' फेम मोसेस कौल का नया गाना 'जी ले' रिलीज, बोले- 'पता नहीं प्यार पल से है या सामने बैठे इंसान से'

 

मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। नेटफ्लिक्स की सीरीज 'क्लास' में मुख्य भूमिका निभाकर चर्चा में आए मोसेस अब अपने नए गाने 'जी ले' के साथ सामने आए हैं। इस गाने में उन्होंने प्यार को किसी बड़े इजहार या फिल्मी कहानी की तरह दिखाने के बजाय, उस एहसास को सामने रखा है, जो धीरे-धीरे रोज की छोटी-छोटी बातों और साथ रहने से गहरा होता जाता है। मोसेस का कहना है कि कई बार हमें खुद समझ नहीं आता कि हम सामने वाले इंसान के प्यार में पड़ रहे हैं या उस पल में खुद के बदले हुए रूप को पसंद करने लगे हैं।

मोसेस ने 'जी ले' को लेकर कहा, ''यह गाना किसी खास चीज को बेचने की कोशिश नहीं करता। मेरे लिए यह एक ऐसे पल की कहानी है, जहां इंसान खुद भी उलझ जाता है। वह सोचता है कि आखिर उसे किस चीज से लगाव हो रहा है। क्या वह उस खास पल को पसंद कर रहा है, या उसके सामने मौजूद व्यक्ति को... या फिर उस पल में खुद को जिस तरह महसूस कर रहा है, उसे।''

गाने की बात करें, तो इसमें प्यार को बहुत साधारण तरीके से दिखाया गया है। यहां कोई बड़ा वादा या पहली नजर में होने वाला प्यार नहीं है। इसके बजाय रिश्ता रोज की मुलाकातों, छोटी-छोटी बातों और एक-दूसरे के साथ सहज महसूस करने से आगे बढ़ता है। दो लोग कब एक-दूसरे की आदत बन जाते हैं, उन्हें खुद भी पता नहीं चलता। यही बात इस गाने को खास बनाती है।

म्यूजिक वीडियो में कहानी एक ऑफिस में काम करने वाले दो सहकर्मियों की है। दोनों अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में व्यस्त हैं और शुरुआत में उनके बीच ऐसा कुछ नहीं है, जिसे प्यार कहा जा सके। लेकिन लगातार साथ काम करने, बातचीत करने और एक-दूसरे के साथ समय बिताने के दौरान दोनों के बीच एक अलग तरह की बॉन्डिंग बनने लगती है। दोनों में से कोई भी प्यार की तलाश में नहीं है, फिर भी एक रिश्ता धीरे-धीरे अपनी जगह बना लेता है।

मोसेस का कहना है कि प्यार हमेशा बड़ा, नाटकीय या जिंदगी भर चलने वाला हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार यह हमारी रोज की जिंदगी में ही छिपा होता है। किसी के साथ बैठकर बात करना, उसके साथ चुपचाप समय बिताना या उसकी मौजूदगी की आदत हो जाना भी रिश्ते की शुरुआत हो सकती है। 'जी ले' इसी साधारण एहसास को संगीत के जरिए सामने लाता है।

--आईएएनएस

पीके/एएस