आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करने वाली 10वीं की छात्रा ने आत्महत्या की
अमरावती, 27 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में एक सरकारी स्कूल में 'मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग' के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू के साथ मंच साझा करने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्रा ने सोमवार को आत्महत्या कर ली।
रामपाचोडावरम के जिला परिषद हाई स्कूल में 'मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग 4.0 के दौरान मुख्यमंत्री के बगल में बैठकर बोलने वाली मुर्रम शिवानी ने इर्लापल्ली गांव में अपनी दादी के घर पर आत्महत्या कर ली।
लड़की ने हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने अपने माता-पिता के सपने पूरे न कर पाने के लिए उनसे माफी मांगी। उसके इस कठोर कदम का कारण पता नहीं चल सका।
लड़की के माता-पिता कोरुकोंडा के एक होटल में काम करते हैं, जबकि वह अपनी दादी के साथ रहती थी और रामपाचोडावरम के सरकारी हाई स्कूल में पढ़ती थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ाई में होनहार मानी जाने वाली शिवानी ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में 'मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग 4.0 में अपने भाषण से सबका ध्यान खींचा था। उसने कड़ी मेहनत करने और अगले साल 'शाइनिंग स्टार अवॉर्ड' जीतने की इच्छा जताई थी।
भाषण के बाद, मुख्यमंत्री ने उसे बुलाया और अपने बगल में बिठाया। उन्होंने उससे बातचीत भी की थी। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि मुर्रम शिवानी के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को शिवानी की मौत की गहन जांच करने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह दुखद है कि रामपाचोडावरम में मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग के दौरान मंच पर इतने उत्साह के साथ बोलने वाली शिवानी ने अपनी जान दे दी। मुझे उस दिन अपनी पढ़ाई और अपनी बड़ी महत्वाकांक्षाओं के बारे में मुझसे कही गई उसकी बातें याद हैं।
उन्होंने कहा, "इतने उज्ज्वल भविष्य वाली आदिवासी लड़की का इस तरह से जान गंवाना दिल तोड़ने वाला है। चाहे कारण कुछ भी हों, यह बात मुझे बहुत परेशान करती है कि वह अपने सपने पूरे करने से पहले ही चली गई।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "छात्रों और युवाओं को चुनौतियों और मुश्किलों का सामना मजबूती से करना चाहिए। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे दबाव, निराशा या हताशा के आगे न झुकें। हर समस्या का समाधान होता है। कृपया अपना दुख और परेशानी अपने परिवार, दोस्तों और अपनों के साथ साझा करें। दबाव से उबरें और अपने सपनों को सच करने के लिए आगे बढ़ें। मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि सरकार हर तरह से आपके साथ खड़ी है।"
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने 24 जुलाई को रामपाचोडावरम के जिला परिषद हाई स्कूल में आयोजित मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग में हिस्सा लिया। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों के साथ लंच भी किया।
राज्य सरकार, छात्रों की बेहतर प्रगति के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समुदायों को एक साथ लाने के मकसद से राज्य भर के सरकारी स्कूलों में 'मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग का आयोजन कर रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम