×

गुजरात में अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर चल रहा सीएम का बुलडोजर: डिप्टी सीएम

 

भुज, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बुधवार को कहा कि राज्य में अपराधियों और असामाजिक तत्वों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई 'मुख्यमंत्री के बुलडोजर' के जरिए की जा रही है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सरकार के प्रयास का हिस्सा बताया।

भुज में भाजपा के स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार के तहत रोड शो के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का बुलडोजर असामाजिक तत्वों और अपराधियों की अवैध संपत्तियों और अतिक्रमण पर चल रहा है।'

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां एक रोड शो भी निकला गया, जो जुबिली सर्कल से छठी बारी तक निकाला गया, इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

संघवी ने कांग्रेस की पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि वे बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रही थीं, जबकि भाजपा सरकार में इन सेवाओं के साथ व्यापक विकास हुआ है।

उन्होंने अहमदाबाद के दरियापुर, खाड़िया और लाम्भा इलाकों में आयोजित सभाओं में भी इसी तरह के बयान दिए। अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि किन पार्टियों को अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलने से परेशानी होती है।'

उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग नागरिकों के खिलाफ अपराध करते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और गंभीर अपराध करने वाले जेल में रहेंगे।

दरियापुर को लेकर उन्होंने कहा कि दरियापुर सिर्फ एक इलाका नहीं, बल्कि अहमदाबाद का दिल है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पोल, संकरी गलियां और मंदिरों को शहर की विरासत बताया।

उन्होंने यह भी बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 1917 में नगर पार्षद चुने जाने के बाद यहीं से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी।

खाड़िया में उन्होंने इस क्षेत्र को 'पवित्र, क्रांतिकारी और जनसंघ के उदय का केंद्र' बताया और पूर्व नेता अशोक भट्ट को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने पुराने समय की कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आयोजित करना भी मुश्किल होता था और इसमें हमले, पथराव और गोलीबारी जैसी घटनाएं होती थीं।

लाम्भा में आयोजित सभा में संघवी ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि लाम्भा और नारोल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि रंगोली नगर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नई ड्रेनेज लाइन और पानी शुद्धिकरण के काम तेजी से पूरे किए गए हैं।

उन्होंने लाम्भा झील, सड़क और स्ट्रीट लाइटिंग परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ-साथ शहरी स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का भी उल्लेख किया।

डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट को मजबूत करने का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां, जिनका चुनाव चिन्ह हाथ है, और अन्य लोग इसे मजबूत करने से असहज हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी