×

छिंदवाड़ा हादसा: सीएम ने घटना को दुखद बताया, मुआवजा बढ़ाकर 8 लाख करने का ऐलान

 

छिंदवाड़ा, 27 मार्च (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छिंदवाड़ा ज‍िला अस्पताल में भर्ती घायल लोगों और मृतकों के परिजनों से शुक्रवार को मुलाकात करने के बाद दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना "बेहद दुखद" है।

उन्‍होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने की घोषणा की।

छिंदवाड़ा पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने करेरा, ग्वारा और झिरिया जैसे गांवों के पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

इसके बाद सीएम यादव ने जिला अस्पताल का दौरा किया, जहां 30 से अधिक घायल व्यक्तियों का इलाज चल रहा है, और उनकी चिकित्सा देखभाल के बारे में जानकारी ली।

उन्‍होंने कहा कि अपने पहले से तय कार्यक्रमों को रद्द करने के बाद, आज मैंने छिंदवाड़ा में हुए दुखद सड़क हादसे के पीड़ितों के परिवारों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। यह घटना बेहद दुखद है। दुख की इस घड़ी में सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने की घोषणा की। यह गुरुवार रात को दुर्घटना के बाद शुरू में घोषित 4 लाख रुपये की राशि से दोगुनी है।

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री विवेकाधीन निधि से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत अतिरिक्त 4 लाख रुपये प्रदान करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल 8 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।"

वहीं, घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्राप्त होगी। सीएम ने यह भी बताया कि उन्होंने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री ने बचाव अभियान में तुरंत कार्रवाई करने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिस कर्मियों की सराहना की।

उन्होंने कहा, "मैं उनके कार्यों की सराहना करता हूं। उनकी तत्परता के कारण कई जानें बच गईं। इन कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा। मैंने नागपुर के अस्पतालों में भर्ती घायल व्यक्तियों के संबंध में डॉक्टरों से भी चर्चा की।"

--आईएएनएस

एएसएच/डीएससी