चेन्नई : व्यापारी से पैसे ऐंठने के आरोप में पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार
चेन्नई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर चेन्नई में पुलिस ने व्यापारी से लाखों रुपए ऐंठने वाले एक इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह इंस्पेक्टर एक व्यापारी से लाखों रुपए ऐंठ चुका है। इंस्पेक्टर व्यापारी को 2024 में बीएसपी नेता के. आर्मस्ट्रांग की हत्या मामले में फंसाने की धमकी देता था और इसके एवज में उससे लाखों रुपए मांगता था।
यह गिरफ्तारी अनिल कुमार (35) की शिकायत के बाद हुई। वह शेयर मार्केट में ट्रेडर हैं। वह चेन्नई पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे और इंस्पेक्टर मोहम्मद बुहारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस इंस्पेक्टर की ओर से लगातार पिछले दो साल से उससे पैसों की मांग की जा रही थी। इंस्पेक्टर की ओर से दावा किया जा रहा था कि उसका मोबाइल नंबर आर्मस्ट्रांग की हत्या की जांच में सामने आया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे पहले कुमार ने अपने एक परिचित वकील को अपना नंबर साझा किया था।
हालांकि, शिकायतकर्ता की ओर से यह कहा गया कि उनका आर्मस्ट्रांग की हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि बुहारी ने कथित तौर पर उस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया था, जिसका संबंध जांच से जुड़ा हुआ था। इसी का सहारा लेकर बुहारी उसे धमकाता और आरोपी के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश करता रहा। साथ ही, उस पर पैसे देने का भी दबाव बनाता।
इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर शुरुआत में लाखों रुपए की मांग की। इसके बाद अलग-अलग मौकों पर व्यापारी से कुछ पैसे भी ऐंठे।
हाल ही में शनिवार को इंस्पेक्टर की ओर से व्यापारी से 5 लाख रुपए की राशि उसके आवास पर जाकर मांगी गई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद इन पैसों को वाशरमैनपेट मेट्रो रेलवे स्टेशन के पास पुलिस को सौंप दिया गया।
कुमार की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू की। इसके बाद बुहारी को गिरफ्तार कर लिया गया। अब आगे की जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में कोई अन्य पुलिसकर्मी तो शामिल नहीं है।
एक तरफ जहां सीबीआई इस मर्डर केस की जांच कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ इंस्पेक्टर बुहारी पर लगे आरोपों की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम