चेन्नई: एनसीबी ने 3 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया, 1 करोड़ रुपए कीमत के प्रीकर्सर केमिकल जब्त किए
चेन्नई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई के एमकेबी नगर, अन्नाई इंदिरा नगर इलाके से एनसीबी ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वाले में एक पिता-पुत्र भी शामिल हैं। साथ ही, नशीले पदार्थों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले 50 किलोग्राम 'प्रीकर्सर केमिकल' भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 1 करोड़ रुपए है।
अधिकारी ने अपने बयान में बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि यह खेप हैदराबाद से मंगाई गई थी और इसे अवैध रूप से 'मेथामफेटामाइन' (एक तरह का नशीला पदार्थ) बनाने के लिए बाहर भेजा जाना था।
बयान के अनुसार, यह कार्रवाई गुरुवार को 'एएन एंटरप्राइजेज' नाम से चल रही एक फैक्ट्री में की गई।
एनसीबी ने बताया कि जब्त किए गए 50 किलोग्राम 'स्यूडोएफेड्रिन' को दो बोरियों में छिपाकर रखा गया था, जिनमें से प्रत्येक में 25-25 किलोग्राम पदार्थ था।
जांचकर्ताओं का कहना है कि चेन्नई से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने का चलन बढ़ रहा है। इसके जरिए एफेड्रिन/स्यूडोएफेड्रिन जैसे प्रीकर्सर केमिकल की ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित कई देशों में तस्करी किए जाने का आरोप है।
एनसीबी ने बताया कि स्यूडोएफेड्रिन और एफेड्रिन ऐसे शुरुआती रसायन हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से मेथामफेटामाइन बनाने के लिए किया जा सकता है। यह एक ऐसा साइकोट्रोपिक पदार्थ है, जिसकी बहुत जल्दी लत लग जाती है।
इस तरह के रसायनों की तस्करी, सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण और उनकी तस्करी को रोकने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के लिए एक गंभीर खतरा है।
एनसीबी ने कहा कि वह इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने, जब्त की गई खेप के स्रोत और उसे कहां पहुंचाया जाना था, यह जानने के लिए आगे की जांच कर रही है। साथ ही, इन केमिकल्स की अवैध तस्करी और हेराफेरी से जुड़े बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भी पर्दाफाश करने की कोशिश की जा रही है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और इन रसायनों की अवैध हेराफेरी को रोकने के अपने संकल्प को दोहराया है। यह भारत सरकार के 'नशा मुक्त भारत' के विजन को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।
एनसीबी के बयान में कहा गया है कि ड्रग तस्करी से जुड़ी जानकारी या मदद के लिए, आम जनता 'मानस' नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क कर सकती है।
--आईएएनएस
एमएस/