सीएम नायडू ने टीडीपी कार्यकर्ताओं को दिया घर-घर पहुंचने का निर्देश, गठबंधन सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने पर जोर
अमरावती, 26 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में गठबंधन सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बताएं कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को किस तरह पूरा किया।
सोमवार से पूरे राज्य में शुरू होने वाले 45 दिवसीय डोर-टू-डोर अभियान से पहले मुख्यमंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए और कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सहित पूरी पार्टी मशीनरी इस अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा ले।
सीएम नायडू ने कहा कि जिस तरह चुनाव के समय कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोट मांगने और पार्टी के वादों को समझाने गए थे, उसी तरह अब लोगों को यह बताना जरूरी है कि गठबंधन सरकार अपने वादों को पूरा कर रही है। यदि जनता के मन में कोई सवाल या संदेह हो, तो उसे सरल भाषा में दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में जनता ने गठबंधन को ऐतिहासिक जनादेश दिया था। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने 94 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की और 57 प्रतिशत वोट प्राप्त किए। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार अपनी गलत नीतियों और विनाशकारी फैसलों के कारण 151 सीटों से घटकर सिर्फ 11 सीटों पर सिमट गई।
सीएम नायडू ने कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है और हर फैसले में लोगों की राय को महत्व दे रही है। उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य रखते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल समर्थकों की नहीं, बल्कि ऐसे नेताओं की जरूरत है जो समस्याओं का समाधान कर सकें और नेतृत्व क्षमता विकसित करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता और पार्टी संगठन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की भी सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अगली बार भी गठबंधन सरकार सत्ता में लौटेगी, लेकिन साथ ही कार्यकर्ताओं को चेताया कि किसी भी तरह की लापरवाही या जनता को नापसंद आने वाले व्यवहार से बचना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए गठबंधन सरकार का बने रहना जरूरी है और यह संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
चंद्रबाबू नायडू ने युवाओं के कल्याण के लिए गठबंधन सरकार की योजनाओं को भी प्रमुखता से जनता के सामने रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी ने युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जनता को बताया जाए कि गठबंधन सरकार युवाओं के सपनों और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी ने यह मान लिया था कि केवल पैसा खर्च करके चुनाव जीता जा सकता है, जबकि जनता का विश्वास और प्यार धन से नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वाईएसआरसीपी की नीतियों और कार्यशैली को भी जनता के सामने उजागर करने का आह्वान किया।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस