बुल्गारिया के पूर्व राष्ट्रपति रादेव संसदीय चुनाव जीतने की राह पर, बनाई बढ़त
सोफिया, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व राष्ट्रपति रूमेन रादेव के नेतृत्व वाला प्रोग्रेसिव बुल्गारिया गठबंधन देश के संसदीय चुनावों में भारी जीत हासिल करने की राह पर है, सोमवार को कुछ शुरुआती परिणाम के आधार पर स्थानीय मीडिया ने दावा किया है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के सेंट्रल इलेक्शन कमीशन (सीईसी) की वेबसाइट पर जारी किए गए नतीजों के मुताबिक, 91.68 प्रतिशत वोटों की गिनती के साथ, प्रोग्रेसिव बुल्गारिया गठबंधन को 44.691 प्रतिशत वोट मिले हैं।
जीईआरबी-यूडीएफ गठबंधन 13.398 प्रतिशत वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहा, उसके बाद वी कंटिन्यू द चेंज-डेमोक्रेटिक बुल्गारिया (पीपी-डीबी) गठबंधन को 13.210 फीसदी, मूवमेंट फॉर राइट्स एंड फ्रीडम्स (एमआरएफ) को 6.233 फीसदी, और रिवाइवल पार्टी को 4.354 फीसदी वोट मिले।
रविवार को हुए चुनावों में हिस्सा लेने वाली दूसरी पार्टियां और गठबंधन 240 सीटों वाली संसद में जाने के लिए 4 फीसदी की लिमिट पार नहीं कर पाए।
बीटीवी टेलीविजन और नेविक अखबार की वेबसाइट पर छपे पार्लियामेंट्री सीटों की अनुमानित संख्या के आधार पर दावा किया जा रहा है कि प्रोग्रेसिव बुल्गारिया को 131 सीटें मिलेंगी, उसके बाद जीईआरबी-यूडीएफ को 39, पीपी-डीबी को 39, एमआरएफ को 18 और रिवाइवल पार्टी को 13 सीटें मिलेंगी।
सीईसी को गुरुवार तक सीटों के बंटवारे सहित ऑफिशियल नतीजे जारी करने हैं।
संविधान के तहत, राष्ट्रपति सबसे बड़े पार्लियामेंट्री ग्रुप को सरकार बनाने का मौका देंगे। संसद इसे सामान्य बहुमत से चुनती है।
यह पांच साल में बुल्गारिया का आठवां पार्लियामेंट्री चुनाव है, जो दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री रोसेन जेलियाजकोव की सरकार के इस्तीफे के कारण हुआ था। उनकी आर्थिक नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन हुआ था। जिसके बाद पार्लियामेंट नई कैबिनेट बनाने में नाकाम रही थी।
अक्टूबर 2024 में अचानक हुए चुनावों के बाद जेलियाजकोव की सरकार पिछले साल 16 जनवरी को सत्ता में आई थी।
इस साल फरवरी में राष्ट्रपति इलियाना लोटोवा ने आंद्रे गुरोव को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया था।
--आईएएनएस
केआर/