☰
×

बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा आधिकारिक दौरे पर दिल्ली पहुंचीं

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चमोवा तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचीं।

नई दिल्ली में वेलिस्लावा पेट्रोवा-चमोवा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 'एक्स' पर कहा, "यह यात्रा भारत और बुल्गारिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी।"

आज ही के दिन वेलिस्लावा पेट्रोवा केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक करेंगी। इसके साथ ही वह राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगी। शनिवार को वेलिस्लावा पेट्रोवा की नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक तय है।

पिछले महीने विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और बुल्गारिया के उप विदेश मंत्री क्रिस्टो पोलेंडाकोव ने 'भारत-बुल्गारिया विदेश कार्यालय परामर्श' की सह-अध्यक्षता की थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने 'भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते' (एफटीए) को जल्द लागू करने पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बुल्गारिया के उप विदेश मंत्री क्रिस्टो पोलेंडाकोव के साथ 'भारत-बुल्गारिया विदेश कार्यालय परामर्श' की सह-अध्यक्षता की।"

इसमें कहा गया है कि उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की, जिनमें राजनीतिक जुड़ाव, व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, एआई, अंतरिक्ष, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंध शामिल हैं। दोनों पक्षों ने भारत और 27 देशों वाले समूह (ईयू) के बीच व्यापार समझौते को जल्द से जल्द लागू करने पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "दोनों पक्षों ने भारत-ईयू एफटीए को जल्द लागू करने पर जोर दिया, जिससे आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।"

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत और बुल्गारिया के बीच लंबे समय से गहरे और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क और सांस्कृतिक संबंध 1954 में राजनयिक संबंध स्थापित होने से भी पहले के हैं। यहां तक कि 8वीं शताब्दी ईस्वी में भी दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क के प्रमाण मिलते हैं।

पिछले छह दशकों में भारत और बुल्गारिया ने एक करीबी, सौहार्दपूर्ण और बहुआयामी रिश्ता विकसित किया है। यह बहुआयामी रिश्ता निरंतरता और आपसी समझ के आधार पर फला-फूला है और समय के साथ एक मजबूत दोस्ती में बदल गया है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस