उत्तरी फ्रांस के रेलवे स्टेशन पर जारी किया गया बम अलर्ट खत्म, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
पेरिस, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरी फ्रांस के पास-दे-काले विभाग में स्थित कैले-फ्रेथुन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह जारी किया गया बम अलर्ट वापस ले लिया गया है। यह जानकारी पास-दे-काले प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
इससे पहले गुरुवार को प्रशासन ने स्टेशन पर बम की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया था और चेतावनी दी थी कि इसका आसपास के इलाके में यातायात पर असर पड़ सकता है।
बाद में प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है और सड़क यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
क्षेत्रीय रेल सेवा संचालक ने एक्स पर बताया कि कैले-फ्रेथुन स्टेशन पर लावारिस सामान मिलने की सूचना के बाद रेलवे लाइन पर दोनों दिशाओं में रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल सेवा यूरोस्टार ने कहा कि इस घटना के कारण लंदन और पेरिस के बीच चलने वाली उसकी कुछ ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
इस बीच, पिछले सप्ताह यूरोप में एक दर्जन से अधिक यात्री विमानों को बम की धमकियां मिली थीं, जिसके कारण कई विमानों का रास्ता बदला गया और कई देशों के हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच करनी पड़ी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, डबलिन से रोम जा रहा एर लिंगस एयरबस ए320 विमान बम अलर्ट मिलने के बाद फ्रांस के एवरो स्थित एक सैन्य एयरबेस की ओर मोड़ दिया गया था। विमान सुरक्षित उतरा और उसमें सवार सभी 151 यात्रियों तथा छह क्रू सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद सैन्य बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच की।
बुल्गारिया में राजधानी सोफिया जाने वाली रयानएयर की तीन उड़ानों को भी बम की धमकी मिली थी। कोपेनहेगन और मैड्रिड से आने वाली उड़ानें सुरक्षित रूप से सोफिया पहुंच गईं, जबकि लंदन स्टैनस्टेड से आने वाली एक उड़ान को प्लोवदिव एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। जांच के दौरान विमानों में कोई खतरनाक वस्तु नहीं मिली।
पोलैंड में भी पेरिस जा रहे एलओटी पोलिश एयरलाइंस के एक विमान को वारसॉ चोपिन एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान रोक दिया गया था। विमान में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिलने के बाद उसे जांच के लिए निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया।
इस दौरान एक रनवे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। हालांकि, जांच में कोई खतरनाक वस्तु नहीं मिली और बाद में हवाई अड्डे का संचालन सामान्य हो गया।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम