☰
×

गुवाहाटी होटल गोलीबारी मामला: पोस्टमार्टम के बाद आरोपी का शव परिजनों को सौंपा, मुठभेड़ में ढेर हुआ था गोगोई

 

गुवाहाटी, 6 नवंबर (आईएएनएस)। गुवाहाटी होटल गोलीबारी मामले के मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस हिरासत में हुई मौतों के मामलों के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यह पोस्टमॉर्टम तीन अलग-अलग मेडिकल संस्थानों के फोरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में किया गया। 34 वर्षीय गोगोई बुधवार तड़के असम के शिवसागर जिले में एक पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

पुलिस का दावा है कि एक अन्य मामले के सिलसिले में उसे शिवसागर ले जाया जा रहा था, तभी उसने हिरासत से भागने की कोशिश की। एएमसीएच के एक अधिकारी ने बताया कि तीन अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों के फोरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी सुनिश्चित करने में लगे समय के कारण पोस्टमॉर्टम में देरी हुई।

यह प्रक्रिया तीन घंटे से अधिक समय तक चली। प्रक्रिया पूरी होने के बाद, शव को फोरेंसिक मेडिसिन विभाग से बाहर निकाला गया और शाम करीब 7:10 बजे गोगोई के परिवार को सौंप दिया गया। इसके बाद परिवार शव लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गया। यह मुठभेड़ बुधवार तड़के करीब 3:10 बजे गौरीसागर इलाके में हुई थी।

होटल गोलीबारी मामले में गोगोई सात दिन की पुलिस रिमांड पर था और मंगलवार को स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके कुछ घंटों बाद, उसे 2024 में दर्ज बैंक धोखाधड़ी के एक अलग मामले में गुवाहाटी सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किया गया।

होटल 'बिलास इन' के लीजधारक गोगोई को 26 अक्टूबर को गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में जीएस रोड पर स्थित होटल में हुई गोलीबारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। होटल में हुई गोलीबारी में भारली परिवार के पांच सदस्य और एक कर्मचारी की मौत हो गई थी, जबकि परिवार का ड्राइवर घायल हो गया था।

पुलिस का आरोप है कि संपत्ति के प्रबंधन और उसके इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के कारण यह हिंसा हुई। पुलिस के अनुसार, गोगोई द्वारा संपत्ति का नवीनीकरण कराए जाने के बाद विवाद सामने आया था। विवाद सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर को एक बैठक तय की गई थी, लेकिन कथित तौर पर बहस हिंसक हो गई, जिसके बाद गोगोई ने गोली चला दी।

असम पुलिस ने इन हत्याओं की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। पीड़ित परिवार ने इस हमले को पहले से सोची-समझी साज़िश बताया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

--आईएएनएस

एसडी/एएस