×

ब्लैक बॉक्स ने मजबूत ऑर्डर बुकिंग और ऑर्डर बैकलॉग के साथ अब तक की सबसे अधिक तिमाही आय दर्ज की

 

मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस): डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी ब्लैक बॉक्स लिमिटेड ने गुरुवार को 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की।

कंपनी का पहली तिमाही में राजस्व 24 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एबिटडा में 38 प्रतिशत की वृद्धि हुई। ऑर्डर बैकलॉग 83 प्रतिशत बढ़कर 949 मिलियन अमेरिकी डॉलर के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, कर के बाद मुनाफे में सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

ब्लैक बॉक्स अब विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर रही है। कंपनी की मजबूत कारोबारी नींव, वैश्विक ग्राहकों के साथ गहरे होते संबंध और एआई आधारित अर्थव्यवस्था को संचालित करने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ती भागीदारी इसके विकास को समर्थन दे रही है।

कई वर्षों के बदलाव के बाद कंपनी ने अपनी वित्तीय स्थिति, निष्पादन क्षमता और वैश्विक डिलीवरी प्लेटफॉर्म को मजबूत किया है। इससे कंपनी बड़े, अधिक जटिल और महत्वपूर्ण डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को हासिल करने की बेहतर स्थिति में है।

कंपनी के लिए उपलब्ध बाजार का आकार काफी बड़ा है। डेटा सेंटर, एंटरप्राइज नेटवर्किंग, कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सिक्योरिटी, मैनेज्ड सर्विसेज और डिजिटल वर्कप्लेस सॉल्यूशंस को मिलाकर ब्लैक बॉक्स करीब 250-300 अरब डॉलर के वैश्विक बाजार में काम करती है। इस अवसर का एक बड़ा हिस्सा अमेरिका में है, जहां कंपनी की मजबूत मौजूदगी और दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के साथ गहरे संबंध हैं।

बढ़ती ऑर्डर बुक और बैकलॉग, अनुभवी नेतृत्व, मजबूत इंडस्ट्री ट्रेंड और बड़े वैश्विक प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता के चलते कंपनी इस बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की बेहतर स्थिति में है। यह कंपनी के वित्त वर्ष 30 तक 2 अरब डॉलर की आय के लक्ष्य को एक मजबूत आधार प्रदान करता है।

हाइपरस्केल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के लिए एक शक्तिशाली नए ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है।

तिमाही के दौरान ब्लैक बॉक्स ने 131 मिलियन डॉलर (करीब 1,240 करोड़ रुपए) के ऑर्डर के जरिए एक नए वैश्विक हाइपरस्केलर को अपने ग्राहक आधार में जोड़ा। साथ ही, कंपनी ने एक मौजूदा हाइपरस्केलर के साथ अपने संबंधों का भी विस्तार किया।

कंपनी के अनुसार, वह फिलहाल भारत मूल की ऐसी एकमात्र एआई-केंद्रित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस प्रदाता है, जो गीगावाट-स्केल डेटा सेंटर प्रोग्राम्स को क्रियान्वित कर रही है। यह वैश्विक स्तर पर बढ़ते एआई इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में कंपनी की क्षमता और पैमाने को दर्शाता है।

अब कंपनी का ध्यान अपनी मजबूत बाजार स्थिति को लगातार और लाभदायक विकास में बदलने पर है। इसके लिए करीब 300 रणनीतिक एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ संबंधों को और मजबूत करना, बड़े बहुवर्षीय प्रोग्राम्स में भागीदारी बढ़ाना और बड़े प्रोजेक्ट्स को संभालने की क्षमता विकसित करना शामिल है।

तिमाही के दौरान नए ऑर्डर करीब 339 मिलियन डॉलर (लगभग 3,208 करोड़ रुपए) रहे। इससे ऑर्डर बैकलॉग बढ़कर करीब 949 मिलियन डॉलर (लगभग 8,986 करोड़ रुपए) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 83 प्रतिशत अधिक है।

बैकलॉग कंपनी के कारोबार के पैमाने और गुणवत्ता में बड़े बदलाव को दर्शाता है। पहले जहां बैकलॉग आमतौर पर 450-500 मिलियन डॉलर के आसपास रहता था, वहीं अब यह लगभग दोगुना हो गया है। इसमें बड़े, बहुवर्षीय और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में बढ़ती भागीदारी का योगदान है।

प्रोजेक्ट आधारित बैकलॉग में तिमाही आधार पर करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लंबी अवधि के प्रोजेक्ट्स कंपनी को अगले 24-36 महीनों के आय की बेहतर दृश्यता प्रदान कर रहे हैं।

वित्त वर्ष 27 के दौरान ऑर्डर की रफ्तार और मजबूत होने की उम्मीद है। ब्लैक बॉक्स को वित्त वर्ष 27 में 1.3-1.5 अरब डॉलर की ऑर्डर बुकिंग की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 26 की तुलना में करीब 32-45 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 27 के अंत तक उसका ऑर्डर बैकलॉग 1.3-1.4 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा, जो सालाना आधार पर करीब 65-75 प्रतिशत की वृद्धि होगी। बढ़ता ऑर्डर बेस कंपनी के अगले चरण के विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है।

हाइपरस्केलर्स के अलावा भी कंपनी की मांग व्यापक बनी हुई है। वित्तीय सेवाओं, हेल्थकेयर, पब्लिक सर्विसेज और रिटेल सेक्टर ने तिमाही के दौरान करीब 80 मिलियन डॉलर (लगभग 757 करोड़ रुपए) की ऑर्डर बुकिंग में योगदान दिया।

प्रमुख ऑर्डर्स में दुनिया के सबसे बड़े चिप निर्माताओं में से एक के साथ अमेरिका में बड़ा कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर और नेटवर्किंग प्रोजेक्ट, एक प्रमुख डिस्काउंट रिटेलर के साथ वर्कप्लेस सॉल्यूशंस और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट तथा एक अमेरिकी राज्य सरकार और प्रमुख हेल्थकेयर प्रदाता से मिले महत्वपूर्ण ऑर्डर शामिल हैं।

इन ऑर्डर्स की विविधता मिशन-क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में ब्लैक बॉक्स की मजबूत स्थिति को दर्शाती है और कंपनी के रणनीतिक ग्राहकों के साथ कारोबार बढ़ाने की संभावनाओं को उजागर करती है।

डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का आकार और जटिलता बढ़ने के साथ अनुभवी और कुशल कर्मचारियों को बड़े पैमाने पर उपलब्ध कराना प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।

ब्लैक बॉक्स अपने नेतृत्व, बिक्री, इंजीनियरिंग और डिलीवरी क्षमताओं को मजबूत कर रही है। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 30 तक करीब 3,000 नए प्रोफेशनल्स की भर्ती करने की है, जिनमें अधिकांश नियुक्तियां अमेरिका में होंगी।

इस निवेश का उद्देश्य डिलीवरी क्षमता बढ़ाना, बड़े और अधिक जटिल प्रोजेक्ट्स को सपोर्ट करना तथा कंपनी के अगले चरण के विकास के लिए मजबूत निष्पादन क्षमता तैयार करना है।

होल-टाइम डायरेक्टर एवं चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर संदीप वर्मा ने कहा, “हमने वित्त वर्ष 27 की शुरुआत मजबूत गति के साथ की है। कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक तिमाही राजस्व 1,719 करोड़ रुपए दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत अधिक है। इसमें बढ़ते बैकलॉग के बेहतर निष्पादन और हाल ही में अधिग्रहित ब्राजीलियाई कारोबार 2एस के योगदान की अहम भूमिका रही। 339 मिलियन डॉलर की मजबूत ऑर्डर बुकिंग से हमारा बैकलॉग रिकॉर्ड 949 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया है, जिससे राजस्व की बेहतर दृश्यता और सतत विकास के लिए मजबूत आधार मिला है।”

उन्होंने कहा कि ब्लैक बॉक्स आज पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत प्लेटफॉर्म पर काम कर रही है।एआई आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ती भागीदारी, हाइपरस्केलर्स के साथ बढ़ते संबंध और करीब 300 रणनीतिक एंटरप्राइज ग्राहकों में मजबूत मौजूदगी कंपनी को आगे विस्तार के लिए पर्याप्त अवसर देती है।

उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता इस अवसर को अनुशासित और लाभदायक विकास में बदलना है और वित्त वर्ष 30 तक 2 अरब डॉलर कीआय वाली कंपनी बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ना है।”

एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं ग्लोबल सीएफओ दीपक कुमार बंसल ने कहा, “पहली के परिणाम कारोबार की बेहतर होती वित्तीय गुणवत्ता को दर्शाते हैं। एबिटडा की वृद्धि राजस्व वृद्धि से अधिक रही और मार्जिन में 90 बेसिस प्वाइंट का विस्तार हुआ।”

उन्होंने कहा कि ऑर्डर बुक के बढ़ते आकार, गुणवत्ता और अवधि ने कंपनी के विकास के लिए मजबूत आधार तैयार किया है और राजस्व की दृश्यता बढ़ाई है। कंपनी का ध्यान ऑपरेटिंग लीवरेज, अनुशासित वर्किंग कैपिटल मैनेजमेंट और समझदारी से पूंजी आवंटन के जरिए इस गति को मजबूत कैश फ्लो और बेहतर रिटर्न में बदलने पर है।

--आईएएनएस

एबीएस