कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की यादों को संजोएगी भाजपा, ऐतिहासिक कार्यालय को बनाया जाएगा संग्रहालय
कोलकाता, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर कोलकाता स्थित अपने ऐतिहासिक कार्यालय को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित संग्रहालय (म्यूजियम) में बदलने का फैसला किया है।
इस संग्रहालय में डॉ. श्यामा प्रशाद मुखर्जी के जीवन, उनके योगदान और राजनीतिक विरासत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चीजें प्रदर्शित की जाएंगी।
भाजपा के एक नेता ने बुधवार को बताया कि 6, मुरलीधर सेन लेन स्थित यह ऐतिहासिक भवन लंबे समय तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राजनीतिक जीवन का केंद्र रहा है। संग्रहालय में उनकी कुर्सी, किताबें, निजी उपयोग की अन्य वस्तुएं, दुर्लभ तस्वीरें और उनके जीवन व कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे जाएंगे।
पार्टी नेताओं का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी और आम लोगों को श्यामा प्रशाद मुखर्जी के विचारों और उनके योगदान से परिचित कराना है। खासतौर पर अखंड भारत की अवधारणा, आजादी के बाद पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण में उनकी भूमिका और कलकत्ता विश्वविद्यालय से जुड़े रहते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उनके योगदान को संग्रहालय के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के अनुसार, यह भवन बंगाल के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण गवाह रहा है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1946 में इस मकान को किराए पर लिया था, जिसके बाद यह उनकी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया।
1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना के बाद यही भवन पार्टी के कोलकाता कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा। बाद में 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद भी यह परिसर पश्चिम बंगाल में जनसंघ की विरासत और भाजपा के संगठनात्मक केंद्र के रूप में कार्य करता रहा।
इस ऐतिहासिक भवन का दौरा देश के कई बड़े नेताओं ने भी किया है। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती समारोह के दौरान इस संग्रहालय की स्थापना का निर्णय लिया गया था।
वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश इकाई इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संग्रहालय में श्यामा प्रशाद मुखर्जी के जीवन और राजनीतिक सफर के कई ऐसे पहलुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिनसे लोग अब तक कम परिचित हैं। यहां उनके जीवन पर लिखी गई किताबें, ऐतिहासिक दस्तावेज और दुर्लभ तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी।
फिलहाल भाजपा का प्रदेश मुख्यालय कोलकाता के साल्टलेक में स्थित है जबकि मुरलीधर सेन लेन का यह पुराना भवन पार्टी की उत्तर कोलकाता जिला इकाई के संगठनात्मक कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि यह प्रस्तावित संग्रहालय न केवल पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास से जोड़ने का काम करेगा बल्कि आम लोगों और शोधकर्ताओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और शैक्षणिक केंद्र भी बनेगा।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम