‘ब्रेक इंडिया वेक्टर’: ‘भारत समिट’ को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय ‘भारत समिट 2026’ में वक्ताओं को बुलाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि उनके 'विश्लेषण से पता चलता है' कि ये लोग मिलकर एक ऐसा 'ब्रेक इंडिया वेक्टर' (भारत को तोड़ने वाला तंत्र) बना रहे हैं।
झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से सांसद ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तेलंगाना की राजधानी में 13-14 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे “गलत सूचना और वैचारिक ढांचे की शुरुआत” बताया, जिसे “मौजूदा सरकार की वैधता को खत्म करने” के मकसद से तैयार किया गया है।
इस समिट की आधिकारिक घोषणा के बाद से ही राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। भाजपा ने इसे 'भारत-विरोधी समिट' करार दिया, वक्ताओं के चयन पर सवाल उठाए और राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर 'राहुल गांधी के प्रचार' के लिए सरकारी फंड का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
दुबे ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी दावा किया कि "तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘भारत समिट 2026’, कई दशकों से चली आ रही उस रणनीतिक साझेदारी का नतीजा है, जिसका मकसद मौजूदा भारतीय व्यवस्था और आम सहमति को ध्वस्त करना है।”
उन्होंने दलित कार्यकर्ता कांचा इलैया शेफर्ड, एमनेस्टी इंटरनेशनल के पूर्व महासचिव सलिल शेट्टी, अर्थशास्त्री जयंती घोष, मलेशिया की पूर्व सांसद नूरुल इज्जह अनवर और दक्षिण अफ्रीकी राजनेता इब्राहिम पटेल समेत कई अन्य लोगों की मौजूदगी की ओर इशारा किया। ये सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करने के लिए जाने जाते हैं।
दुबे ने लिखा कि किन लोगों ने बात की: कांचा इलैया शेफर्ड, सलिल शेट्टी, जयंती घोष, रथिन रॉय, हिमांशु, थानाथॉर्न जुआंगरूंगरुंगकिट, नूरुल अनवर, इब्राहिम पटेल। विश्लेषण से पता चलता है कि ये लोग अलग-अलग काम नहीं कर रहे हैं; बल्कि ये सब मिलकर 'ब्रेक इंडिया' (भारत को तोड़ने) के एक साझा एजेंडे पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह शिखर सम्मेलन असल में गलत सूचनाओं और वैचारिक ताने-बाने का एक ऐसा अभियान है, जिसे मौजूदा सरकार की वैधता को खत्म करने के मकसद से तैयार किया गया है।
अपने दावों को और पुख्ता करने के लिए, दुबे ने कुछ स्क्रीनशॉट भी जोड़े। इनमें दिखाया गया है कि हर वक्ता का कथित 'लक्ष्य' क्या था और तथाकथित 'भारत को तोड़ने की साजिश' किस तरह से काम करती है।
भाजपा सांसद का दावा था कि कांचा इलैया के मामले में निशाना 'सांस्कृतिक' था, यानी 'हिंदू एकता/हिंदुत्व'; शेट्टी के मामले में यह 'न्यायिक' था, जिसका निशाना 'कानून का शासन/कार्यकारी शक्ति' थी; जबकि घोष के मामले में यह 'आर्थिक' था, और इसी तरह अन्य मामले भी थे।
--आईएएनएस
एमएस/