तेलंगाना के प्रति भाजपा में गहरी दुश्मनी: केटीआर
हैदराबाद, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तेलंगाना के प्रति गहरी दुश्मनी रखने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।
केटीआर ने संसद में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा कथित तौर पर तेलंगाना राज्य के गठन की तुलना भारत-पाकिस्तान विभाजन से किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “पूरी तरह मूर्खतापूर्ण” और राज्य की पहचान का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना किसी की “देने” या “खैरात” का नतीजा नहीं है, बल्कि यह दशकों लंबे लोकतांत्रिक संघर्ष और हजारों युवाओं के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।
केटीआर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तेजस्वी सूर्या तक, भाजपा नेतृत्व लगातार तेलंगाना आंदोलन के खिलाफ जहर उगलता रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने संसद में तेलंगाना के आठ भाजपा सांसदों और कई कांग्रेस सांसदों की चुप्पी को “शर्मनाक” बताया। उन्होंने कहा कि ये नेता जनता के सम्मान की रक्षा करने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए दिल्ली में तेलंगाना की गरिमा गिरवी रख रहे हैं।
बीआरएस नेता ने तेजस्वी सूर्या और भाजपा नेतृत्व से बिना शर्त माफी की मांग की और चेतावनी दी कि तेलंगाना की जनता इन बयानों पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो यह माना जाएगा कि यह भाजपा की आधिकारिक “विरोधी-तेलंगाना” नीति है।
तेलंगाना विधानसभा में बीआरएस के उपनेता टी. हरीश राव ने भी सूर्या की टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे “अत्यंत असंवेदनशील” और “गैर-जिम्मेदाराना” बताते हुए कहा कि तेलंगाना के गठन की तुलना पाकिस्तान के निर्माण से करना तथ्यात्मक रूप से गलत और राज्य के करीब चार करोड़ लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है।
उन्होंने कहा, “हम तेजस्वी सूर्या और भाजपा से तत्काल और बिना शर्त माफी की मांग करते हैं। पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसे गैर-जिम्मेदार बयान न दिए जाएं।”
वहीं, तेलंगाना जागृति की नेता के. कविता ने भी सूर्या पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बयान उन लोगों का अपमान है, जिन्होंने छह दशकों तक तेलंगाना के लिए संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति दी।
उन्होंने राज्य के सभी भाजपा सांसदों, जिनमें दो केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं, से इस मुद्दे पर बोलने या इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा, “अगर आप हमारी भावनाओं का सम्मान नहीं कर सकते, तो आपको तेलंगाना की जनता का प्रतिनिधित्व करने का कोई अधिकार नहीं है।”
--आईएएनएस
डीएससी