केरल : जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों को रास्ता न देने पर सख्ती, नए अभियान में 1038 वाहन चालकों पर केस दर्ज
तिरुवनंतपुरम, 3 सितंबर (आईएएनएस)। जेब्रा क्रॉसिंग का मकसद पैदल चलने वालों को रास्ता देना हो सकता है लेकिन पूरे राज्य में चलाए गए एक एनफोर्समेंट ड्राइव से पता चला है कि वाहन चालक सड़क के बुनियादी नियमों का उल्लंघन जारी रखे हुए हैं।
केरल पुलिस ने छह दिनों में 55,207 गाड़ियों की जांच की और जेब्रा क्रॉसिंग पर नियमों के उल्लंघन के 1038 मामले दर्ज किए, जिन पर कुल 2.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई 'व्हाइट लाइन-लाइफलाइन' अभियान के तहत की गई, जिसे ट्रैफिक और रोड सेफ्टी मैनेजमेंट विंग ने पैदल चलने वालों के लिए क्रॉसिंग को सुरक्षित बनाने और वाहन चालकों में ज्यादा अनुशासन लाने के लिए शुरू किया था।
20 से 25 अगस्त तक चलाए गए इस खास अभियान में राज्य भर के मुख्य जंक्शन, दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों और पैदल चलने वालों के व्यस्त रास्तों को निशाना बनाया गया।
इन जगहों पर एनफोर्समेंट टीमें तैनात की गईं ताकि यह पक्का किया जा सके कि जब पैदल चलने वाले सड़क पार कर रहे हों, तो ड्राइवर अपनी गाड़ी धीमी करें या रोकें और उनके कानूनी अधिकार (रास्ता पाने के अधिकार) का सम्मान करें।
पुलिस ने उन वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जो पैदल चलने वालों की क्रॉसिंग के पास पहुंचते या उसे पार करते समय गति कम करने में नाकाम रहे, बहुत तेज गति से गाड़ी चलाई या पैदल चलने वालों के रास्ता पाने के अधिकार को नजरअंदाज किया।
एनफोर्समेंट के ये आंकड़े केरल की तेजी से भीड़-भाड़ वाली सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा की लगातार बनी हुई चुनौती को उजागर करते हैं।
हालांकि यह अभियान जेब्रा क्रॉसिंग पर नियमों के उल्लंघन पर केंद्रित था लेकिन पुलिस ने इस अभियान का इस्तेमाल सड़क का इस्तेमाल करने वालों को यह याद दिलाने के लिए भी किया कि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए सड़क पर कमजोर वर्ग के लोगों, खासकर पैदल चलने वालों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
अधिकारियों ने अभियान के दौरान जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए और वाहन चालकों व सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों को जेब्रा क्रॉसिंग के महत्व और जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने के बारे में निर्देश दिए।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह ऑपरेशन सिर्फ एक बार की जाने वाली कार्रवाई नहीं होगी।
ट्रैफिक और रोड सेफ्टी मैनेजमेंट विंग के अनुसार, राज्य भर में इसी तरह के खास अभियान जारी रहेंगे और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान ट्रैफिक और रोड सेफ्टी मैनेजमेंट के इंस्पेक्टर जनरल के निर्देशों पर चलाया गया, जिसमें जिला पुलिस प्रमुखों, ट्रैफिक जोनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस और ट्रैफिक एनफोर्समेंट यूनिट्स ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
पुलिस नियमों के उल्लंघन की पहचान करने में जनता की ज्यादा भागीदारी भी चाहती है।
अपनी सड़क सुरक्षा पहल 'शुभयात्रा' के तहत, आम लोग 9747001099 पर व्हाट्सएप के जरिए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट कर सकते हैं।
शिकायत के साथ उल्लंघन की तस्वीरें, ऑडियो या वीडियो के साथ-साथ ज़िला, स्थान, तारीख, समय और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर जैसी जानकारी भी दी जा सकती है।
यह पहल सड़क सुरक्षा को एनफोर्समेंट एजेंसियों और सड़क का इस्तेमाल करने वालों, दोनों के हाथों में सौंपती है, जिसमें पुलिस रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सड़क पर अतिरिक्त नजर रखने वालों के तौर पर शामिल करना चाहती है। इस कैंपेन का मकसद सीधा-सा है कि जेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल चलने वालों को अपनी जगह के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ना चाहिए।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम