दीपावली से पहले बंगाल की नई औद्योगिक नीति होगी जारी, जमीन और प्रोत्साहन में पारदर्शिता: सीएम सुवेंदु अधिकारी
कोलकाता, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति, जिसे आगामी दीपावली त्योहार से ठीक पहले जारी किया जाएगा, में पारदर्शी भूमि नीति के साथ-साथ राज्य में बड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन नीति भी शामिल होगी।
उन्होंने यह घोषणा पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के औद्योगिक शहर हल्दिया में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के 6,000 करोड़ रुपए के फिनोल और एसीटोन प्लांट के उद्घाटन के मौके पर की। यह जिला मुख्यमंत्री का गृह जिला भी है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "नई औद्योगिक नीति बनाने का काम जिस मंत्रियों के समूह को सौंपा गया था, उसने इस बारे में प्रस्ताव पहले ही सौंप दिए हैं। दीपावली से पहले, अंतिम औद्योगिक नीति उद्योग जगत के सामने पेश की जाएगी। नई नीति में जमीन और प्रोत्साहन (इंसेंटिव) से जुड़ी पारदर्शी नीतियां भी होंगी। प्रोत्साहन नीति में निवेशकों को दी जाने वाली सुविधाओं, जैसे बिजली शुल्क पर सब्सिडी, का विवरण होगा।"
इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की पिछली लेफ्ट फ्रंट और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर भी निशाना साधा और दोनों सरकारों पर राज्य में औद्योगिक माहौल को व्यवस्थित रूप से बर्बाद करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "1977 से 2011 तक चले 34 साल के लेफ्ट फ्रंट शासन के दौरान उग्र ट्रेड यूनियनवाद और उद्योगपतियों पर हमलों के कारण कई औद्योगिक इकाइयां पश्चिम बंगाल से चली गईं। इसके बाद, 2011 से 2026 तक चले तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन में राज्य सरकार की गलत जमीन नीतियों, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और जबरन वसूली ने उद्योगपतियों को पश्चिम बंगाल से दूर कर दिया। अब आगे बढ़ने और उस बुरे दौर से बाहर निकलने का समय आ गया है।"
उन्होंने यह वादा भी किया कि राज्य सरकार औद्योगिक मोर्चे पर इस तरह काम करेगी कि अगले एक साल में पश्चिम बंगाल पूरे देश के उद्योगपतियों के लिए 'औद्योगिक डेस्टिनेशन' बन जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "एक साल के भीतर उद्योगपतियों का नया लक्ष्य 'चलो बंगाल' होगा। आने वाले दिनों में राज्य में औद्योगिक निवेश की लहर को कोई नहीं रोक सकता। पश्चिम बंगाल 'डबल-इंजन' सरकार के साथ आगे बढ़ेगा। आने वाले दिनों में राज्य में और अधिक औद्योगिक निवेश होगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी