दक्षिण एशिया में बाल विवाह की सबसे अधिक दर बांग्लादेश में, 47.2 फीसदी लड़कियों की 18 साल से पहले शादी: रिपोर्ट
ढाका, 27 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में दक्षिण एशिया के देशों में बाल विवाह की सबसे अधिक दर दर्ज की गई है। बांग्लादेश ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (बीबीएस) और यूनिसेफ के आंकड़ों के अनुसार, देश में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 47.2 फीसदी महिलाओं की शादी 18 साल की उम्र से पहले हो गई थी।
बांग्लादेशी अखबार ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में हर साल करीब 1.2 करोड़ लड़कियों की शादी 18 वर्ष की उम्र से पहले हो जाती है। वहीं, दुनियाभर में करीब 65 करोड़ महिलाएं और लड़कियां ऐसी हैं, जिनकी शादी बचपन में हुई थी।
यूनिसेफ के आंकड़ों के अनुसार, बाल विवाह के ज्यादातर मामले गरीब परिवारों, कम शिक्षित लड़कियों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली लड़कियों से जुड़े हैं।
बांग्लादेश में बाल विवाह की दर विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग है। अक्टूबर 2026 में बीबीएस और यूनिसेफ की ओर से प्रकाशित एमआईसीएस 2025 डिस्ट्रिक्ट एटलस के अनुसार, राजशाही में 20 से 24 वर्ष की महिलाओं में 18 साल से पहले शादी की दर सबसे अधिक 58.16 फीसदी है। इसके बाद खुलना में 55.57 फीसदी, रंगपुर में 54.57 फीसदी और बरिशाल में 51.97 फीसदी है।
मयमनसिंह में यह दर 50.35 फीसदी, ढाका में 47.29 फीसदी और चटगांव में 40.69 फीसदी दर्ज की गई, जबकि सिलहट में सबसे कम 20.95 फीसदी है।
जिलों के स्तर पर चापाई नवाबगंज में बाल विवाह की दर सबसे अधिक 73.26 फीसदी दर्ज की गई। इसके बाद चुआडांगा में 67.94 फीसदी और भोला में 64.96 फीसदी है। सिराजगंज में यह दर 63.10 फीसदी, कुश्तिया में 62.90 फीसदी, सातखीरा में 62.28 फीसदी और मागुरा में 61.09 फीसदी दर्ज की गई।
पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों की एक समीक्षा में सामने आया था कि बांग्लादेश में करीब 4.16 करोड़ बाल विवाह के मामले हैं, जिनमें 2.23 करोड़ लड़कियों की शादी 15 साल की उम्र से पहले हुई थी। समीक्षा में दक्षिण एशियाई देश में बाल विवाह की गंभीर स्थिति को रेखांकित किया गया था।
बांग्लादेश में 2017 में बाल विवाह रोकथाम कानून लागू होने के करीब एक दशक बाद भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन में कई चुनौतियां बनी हुई हैं। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों की समीक्षा में कानून की खामियों, अस्पष्ट प्रावधानों और कमजोर अमल को लेकर चिंता जताई गई है।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) और यूनिसेफ की समीक्षा में कानून के ढांचे और उसके क्रियान्वयन, दोनों स्तरों पर समस्याओं की पहचान की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बाल विवाह रोकथाम समितियां अक्सर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन नहीं कर पातीं। अधिकारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण और संसाधन नहीं मिलते, जबकि बाल विवाह से प्रभावित लड़कियों को आश्रय और कानूनी सहायता प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
रिपोर्ट में गरीबी, कमजोर शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों तक असमान पहुंच, सामाजिक और लैंगिक रूढ़ियां तथा सुरक्षा संबंधी चिंताओं को बाल विवाह के प्रमुख कारण बताया गया है।
समीक्षा के मुताबिक, सामाजिक मान्यताओं, लड़कियों के घर से भागने की आशंकाओं और आर्थिक असुरक्षा के कारण कई परिवार कम उम्र में शादी को आर्थिक दबाव कम करने और बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का विकल्प मानते हैं। यह स्थिति विशेष रूप से जलवायु प्रभावित और दूरदराज के इलाकों तथा शहरी झुग्गी बस्तियों में अधिक दिखाई देती है।
रिपोर्ट में बाल विवाह रोकथाम कानून की धारा 19 को भी एक बड़ी कमजोरी बताया गया है। इस प्रावधान के तहत विशेष परिस्थितियों में अदालत की अनुमति से 18 साल से कम उम्र में विवाह की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, कानून में इन विशेष परिस्थितियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं किया गया है, जिससे इसके गलत इस्तेमाल की आशंका बनी रहती है।
यूएनएफपीए और यूनिसेफ ने बाल विवाह रोकने के लिए लड़के और लड़कियों, दोनों के विवाह की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित करने और कानून की धारा 19 को समाप्त करने की सिफारिश की है।
--आईएएनएस
डीएससी