बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव समेत तीन लोगों को जेल
ढाका, 27 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम शखावत मून समेत तीन लोगों को आतंकवाद निरोधक कानून से जुड़े एक मामले में जेल भेजने का आदेश दिया है। यह मामला ढाका के मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए राज्य पक्ष के वकील शम्सुद दोहा सुमन ने बताया कि ढाका मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कमालउद्दीन ने पुलिस की अर्जी पर यह आदेश जारी किया। इस मामले में अन्य दो आरोपी पूर्व मदारीपुर डिप्टी कमिश्नर इलियास हुसैन और टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामुन हैं।
बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' की रिपोर्ट के अनुसार, मामले के जांच अधिकारी और मोहम्मदपुर पुलिस के सब-इंस्पेक्टर मासुदुर रहमान ने आरोपियों को अदालत में पेश किया और उन्हें हिरासत में रखने की मांग की। इसके बाद अदालत ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।
याचिका के मुताबिक, 25 नवंबर को आवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लालमाटिया विमेंस कॉलेज के सामने एक जुलूस निकाला था। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शनकारियों को पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान 20 से 25 अज्ञात लोग मौके से भागने में सफल रहे। बाद में इस घटना को लेकर मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। याचिका में कहा गया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं। इसी आधार पर जांच पूरी होने तक उन्हें जेल में रखने की जरूरत बताई गई।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। यह अभियान मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान शुरू हुआ था और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार के दौर में भी जारी है।
इसी सप्ताह आवामी लीग ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। पार्टी ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा अगले महीने देश लौटने की घोषणा के बाद हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। पार्टी ने नाराइल जिले में नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और कारोबार पर हुए आगजनी के हमलों का भी जिक्र किया।
पार्टी ने सवाल उठाया कि अगर बीएनपी सरकार को सचमुच जनता का समर्थन हासिल है तो किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नेता की वापसी या राजनीति में भागीदारी को खतरे की तरह क्यों देखा जा रहा है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नाराइल जिले के कालिया उपजिला में बढ़ती हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के 50 से ज्यादा घरों तथा कई दुकानों में आग लगा दी गई। ये आगजनी की घटनाएं 20 नवंबर की दोपहर कालिया नगर पालिका के अंतर्गत बेंदर चार गांव में हुई थीं।
हमले की निंदा करते हुए आवामी लीग ने कहा, "यह कोई छोटी-मोटी घटना नहीं थी। यह राजनीतिक हिंसा का एक गंभीर मामला था, जिस पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है। लेकिन इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि प्रशासन घटना की गंभीरता को कम करके दिखाने की कोशिश करता नजर आ रहा है, बजाय इसके कि पूरी सच्चाई सामने रखी जाए।"
बांग्लादेश में विपक्षी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के सामने बढ़ती असुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए पार्टी ने कहा कि लोगों को अपने घरों में सुरक्षित रहने, बिना लूटपाट के डर के कारोबार चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा की आशंका के बिना आने-जाने का अधिकार होना चाहिए। पार्टी ने जोर देकर कहा कि ये बुनियादी अधिकार हैं, कोई विशेष सुविधा नहीं।
पार्टी ने कहा, "जब किसी व्यक्ति की राजनीतिक पहचान ही उसे डराने, उसके घर में आग लगाने या उसके परिवार को निशाना बनाने का कारण बन जाए, तो इसका असर सिर्फ पीड़ित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता। किसी राजनीतिक दल की गतिविधियों पर रोक लगाने का मतलब यह नहीं है कि उसके समर्थकों को सामूहिक सजा दी जाए या उन्हें कानून के तहत मिलने वाले बुनियादी अधिकारों और सुरक्षा से वंचित कर दिया जाए।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी