बांग्लादेश में डेंगू का प्रकोप: दो और लोगों की मौत, 2026 में मृतकों की संख्या 518 हुई
ढाका, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में मच्छर जनित इस बीमारी से दो और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही वर्ष 2026 में डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 518 हो गई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में देशभर के अस्पतालों में डेंगू के 1,519 नए मरीज भर्ती हुए। इस दौरान चटगांव और रंगपुर डिवीजन में एक-एक मरीज की मौत हुई।
आंकड़ों के मुताबिक, बांग्लादेश में 1 जनवरी से अब तक डेंगू के कुल 1,73,473 मरीज अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं। इनमें से 1,67,885 मरीज ठीक होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं, जबकि 5,070 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
इससे पहले 4 नवंबर को 24 घंटे के दौरान डेंगू से छह लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 445 हो गई थी।
सितंबर में बांग्लादेश के मत्स्य एवं पशुधन राज्य मंत्री सुल्तान सलाउद्दीन टुकू ने चेतावनी दी थी कि आने वाले महीनों में डेंगू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी।
ढाका में कानून-व्यवस्था की स्थिति और विकास गतिविधियों को लेकर सांसदों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में टुकू ने कहा था कि आने वाले महीनों में डेंगू का खतरा और बढ़ सकता है। इसलिए सभी को अभी से जागरूक होने की जरूरत है।
उन्होंने डेंगू से निपटने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों से मिलकर काम करने का आग्रह किया था। साथ ही सफाई अभियान चलाने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया था।
वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डेंगू से बढ़ती मौतों के पीछे अस्पताल पहुंचने में देरी, अनुचित इलाज और अधिक जोखिम वाले मरीजों की कमजोर स्वास्थ्य स्थिति को प्रमुख कारण बताया है। बांग्लादेश के अखबार 'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के अनुसार, कई मरीजों की हालत गंभीर होने के बाद ही जांच और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने से मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है।
ढाका के शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एसोसिएट प्रोफेसर एच.एम. नजमुल अहसान ने कहा कि देशभर में संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि डेंगू से होने वाली मौतों की प्रमुख वजह है। उन्होंने मौतों के पीछे तीन तरह के कारकों का उल्लेख किया। इनमें वायरस से जुड़े कारक, मरीज की स्वास्थ्य संबंधी कमजोरियां और इलाज से जुड़ी जटिलताएं शामिल हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ मुश्तुक हुसैन ने डेंगू के इलाज को मजबूत बनाने के लिए प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित तीन स्तरीय व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई।
--आईएएनएस
डीएससी