मध्य नाइजीरिया में अलग-अलग हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत
अबुजा, 20 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य नाइजीरिया के प्लेटो राज्य में अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा किए गए अलग-अलग हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। हमलों के बाद प्रभावित इलाकों में तनाव का माहौल है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच बरकिन लाडी, रियोम और आसपास के कई समुदायों में बंदूकधारियों ने हमला किया।
बरकिन लाडी इलाके में शनिवार रात एक बस पर हमला किया गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं रविवार सुबह चर्च जा रहे चार अन्य लोगों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
स्थानीय समुदाय संगठन म्वाघावुल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष बुलुस डाबिट ने बताया कि बस में सवार लोग दूसरे शहर में काम पर जा रहे मजदूर थे।
हमलों के बाद कई लोगों ने अपने गांव छोड़ दिए हैं, जबकि कुछ स्थानीय लोग आगे के हमलों का सामना करने के लिए अपने समुदायों में ही डटे हुए हैं।
बरकिन लाडी शाखा के मियेट्टी अल्लाह कैटल ब्रीडर्स एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया के सचिव गाम्बो अबुबकर ने दावा किया कि कुछ मवेशियों की कथित चोरी की गई थी और हमला उसी विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्लेटो राज्य नाइजीरिया के 'मिडिल बेल्ट' क्षेत्र में स्थित है, जहां भूमि और संसाधनों को लेकर विभिन्न समुदायों के बीच हिंसक झड़पें अक्सर होती रहती हैं।
इससे पहले 13 सितंबर को भी प्लेटो राज्य में मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारियों ने एक व्यावसायिक बस पर हमला किया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी। उस मामले की जांच भी जारी है।
--आईएएनएस
डीएससी