×

भारत के मैन्युफैक्चरिंग मिशन में असम निभाएगा अहम भूमिका: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

 

गुवाहाटी, 18 मई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की बड़ी भूमिका होगी और असम देश की औद्योगिक विकास यात्रा में अहम योगदान देने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ‘भव्य’ पहल के तहत राज्य में विकसित किए जा रहे औद्योगिक स्थलों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि असम में विश्वस्तरीय प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर पार्क तैयार किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैन्युफैक्चरिंग ही विकसित भारत की कुंजी है और असम इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हम भारत सरकार की भव्य औद्योगिक दृष्टि के तहत 15 स्थलों का विकास कर रहे हैं, जहां प्लग-एंड-प्ले इंफ्रा पार्क बनाए जाएंगे, ताकि घरेलू विनिर्माण को गति मिले, आर्थिक विकास बढ़े और रोजगार सृजित हों।”

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पहल के तहत असम में आठ प्राथमिकता वाले औद्योगिक पार्कों पर विशेष फोकस किया जाएगा, जिनमें लगभग 33,600 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि भव्य पहल से असम के औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। इससे बुनियादी ढांचे की तैयारी बेहतर होगी, कारोबार करने में आसानी बढ़ेगी और निवेशकों के लिए परियोजनाओं को तेजी से लागू करना संभव हो सकेगा।

प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों में मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, क्लीन एनर्जी, पेट्रोकेमिकल्स और सहायक उद्योगों जैसे कई क्षेत्रों को शामिल किए जाने की संभावना है।

प्लग-एंड-प्ले मॉडल के तहत उद्योगों को सड़क, बिजली, पानी और साझा सुविधाओं सहित तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योगों को संचालन शुरू करने में कम समय लगेगा।

गौरतलब है कि असम सरकार पिछले कुछ वर्षों से औद्योगिक निवेश को लेकर आक्रामक रणनीति अपना रही है। इसी साल आयोजित ‘एडवांटेज असम 2.0’ निवेश शिखर सम्मेलन के बाद राज्य में निवेश गतिविधियों को और गति मिली है।

राज्य सरकार लगातार यह दावा करती रही है कि पूर्वोत्तर में असम की रणनीतिक स्थिति, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश अनुकूल नीतियां इसे निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना रही हैं।

मुख्यमंत्री सरमा ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर असम को पूर्वोत्तर क्षेत्र का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में काम कर रही है।

--आईएएनएस

डीएससी