दो लाख नौकरियों के लिए रोडमैप तैयार कर रही असम सरकार : सीएम हिमंता बिस्वा सरमा
गुवाहाटी, 28 मई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने आने वाले वर्षों में दो लाख सरकारी नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनावी वादों को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है और अब आराम करने का समय नहीं है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अपने वादों को पूरा करने की दिशा में हमारे पास आराम करने का समय नहीं है।"
उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पदों की पहचान करने और भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने का काम शुरू कर दिया है।
सीएम सरमा ने कहा, "मेरी टीम पहले से ही रिक्त पदों की पहचान करने, रोडमैप तैयार करने, विभागों और संस्थाओं का आकलन करने और दो लाख सरकारी नौकरियों के वादे को पूरा करने की समयसीमा तय करने में जुटी हुई है।"
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट के साथ 'मिशन 2 लाख गवर्नमेंट जॉब्स – प्लान इन मोशन' शीर्षक वाला एक ग्राफिक भी साझा किया, जिसमें भर्ती अभियान की रणनीति बताई गई है।
सरकार की योजना के मुताबिक, अगले पांच वर्षों में विभिन्न विभागों में होने वाली रिक्तियों का व्यापक आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही स्वीकृत पदों की समीक्षा और विभागों, स्वायत्त संस्थाओं, अर्ध-सरकारी निकायों, मिशनों और सोसायटियों में रोजगार के अवसरों की पहचान की जाएगी।
हाल ही में संपन्न असम विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत सरकार ने बड़े स्तर पर रोजगार सृजन को अपने प्रमुख चुनावी वादों में शामिल किया था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि युवाओं में बढ़ती रोजगार की मांग के बीच यह घोषणा सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करने की कोशिश है।
साल 2021 में सत्ता संभालने के बाद से हिमंता बिस्वा सरमा सरकार लगातार पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं समेत कई विभागों में भर्ती अभियान चलाने का दावा करती रही है।
मुख्यमंत्री पहले भी कह चुके हैं कि असम में भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ जारी रहेगी और नियुक्तियों में योग्यता को सबसे अहम आधार बनाया जाएगा।
यह नई घोषणा ऐसे समय में आई है, जब हाल ही में भाजपा ने असम विधानसभा चुनाव में मजबूत जनादेश के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी