×

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले असम के मुख्यमंत्री, राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं पर की चर्चा

 

नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और उन्हें राज्य में चल रहे विकास कार्यों, आर्थिक प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति का मार्गदर्शन उन्हें जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु साहस, दृढ़ता और नेतृत्व की एक उत्कृष्ट मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से हर मुलाकात उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है।

सरमा ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति को असम की विकास यात्रा और आने वाले वर्षों में इस गति को आगे बढ़ाने की राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी राष्ट्रपति से महत्वपूर्ण मुलाकात थी, जिसमें उन्होंने असम को देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति से राज्य में जनकल्याण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। सरकार का लक्ष्य लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब असम सरकार लगातार राज्य की आर्थिक प्रगति और बुनियादी ढांचे के विस्तार को प्रमुखता से सामने रख रही है। सरमा के नेतृत्व में राज्य में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, औद्योगिक निवेश और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस वर्ष विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हिमंता बिस्वा सरमा कई बार यह दावा कर चुके हैं कि असम तेज आर्थिक बदलाव और बढ़ते निवेश का केंद्र बन रहा है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम