काजीरंगा हादसे में अब तक 26 की मौत, सीएम हिमंता ने किया घटनास्थल का दौरा, पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की घोषणा
गुवाहाटी, 14 नवंबर (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 9-9 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ितों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
ताजा रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है, जबकि लगभग 20 अन्य लोग घायल हैं। घायलों में से कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भी शामिल है।
मुख्यमंत्री की ओर से घोषित सहायता पैकेज के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल 9 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए, असम सरकार की ओर से 5 लाख रुपए और आपदा प्रबंधन व पुनर्वास के लिए अतिरिक्त 2 लाख रुपए आर्थिक सहायता के तौर पर पीड़ित परिवारों को मिलेंगे।
सीएम हिमंता ने शनिवार को काजीरंगा में दुर्घटना स्थल का भी दौरा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "वहां जो कुछ भी हुआ, वह दिल दहला देने वाला है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस दुख की घड़ी में असम सरकार आपके साथ खड़ी है।"
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "पीड़ित प्रत्येक परिवार को मुआवजे के तौर पर 9 लाख रुपए दिए जाएंगे। कोई भी धनराशि इस नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, खासकर उन परिवारों के लिए जिन्होंने एक से अधिक सदस्य खो दिए हैं। लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी परिवार इस मुश्किल समय में अकेला न रहे।"
सीएम हिमंता पीड़ित परिवारों से सदस्यों से मिलने उनके घर भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना की विस्तृत जांच चल रही है और हम इस त्रासदी के पीछे के हर संभावित कारण की पड़ताल करेंगे। सीएम ने यह भी कहा कि सरकार सख्त ट्रैफिक नियम लागू करेगी और उन्हें सख्ती से अमल में लाया जाएगा।
--आईएएनएस
डीसीएच/