×

एशियन गेम्स: गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर पुरुषों की 100 मीटर सेमीफाइनल में पहुंचे

 

नागोया, 24 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के अनिमेष कुजूर और राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुरिंदरवीर सिंह ने गुरुवार को ऐची-नागोया एशियन गेम्स की पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा के अपने-अपने हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में अनिमेष कुजूर ने हीट-1 में 10.36 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं गुरिंदरवीर सिंह ने हीट-4 में 10.38 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों अपने-अपने हीट में शीर्ष तीन में रहने के कारण सीधे सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए।

अनिमेष कुजूर शुरुआती चरण में दबाव में नजर आए, लेकिन अंतिम 25 मीटर में शानदार गति पकड़ते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इस हीट में थाईलैंड के पुरिपोल बूनसन ने 9.95 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि चीन के केली जेंग 10.22 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

वहीं गुरिंदरवीर सिंह ने हीट-4 में अच्छी शुरुआत की और पूरी दौड़ में शीर्ष स्थानों की होड़ में बने रहे। ओमान के मलहम अल बलूशी ने 10.29 सेकेंड के साथ हीट जीती, जबकि गुरिंदरवीर दूसरे स्थान पर रहे। ईरान के हसन तफ्तियान 10.46 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार प्रत्येक हीट के शीर्ष तीन धावक सीधे सेमीफाइनल में पहुंचे, जबकि सभी हीटों से अगले छह सबसे तेज धावकों को भी सेमीफाइनल का टिकट मिला।

अब पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल शुक्रवार को होंगे, जहां दोनों भारतीय धावकों के पास फाइनल में जगह बनाने का मौका होगा।

हीट चरण में सबसे शानदार प्रदर्शन थाईलैंड के पुरिपोल बूनसन का रहा। उन्होंने 9.95 सेकेंड का समय निकाला, जो एशियन गेम्स रिकॉर्ड से महज 0.03 सेकेंड पीछे रहा।