मेमोरी और स्टोरेज की बढ़ती लागत के बीच एप्पल बढ़ा सकता है अपने उत्पादों की कीमतें: सीईओ टिम कुक
नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी टेक दिग्गज एप्पल अपने कुछ उत्पादों की कीमतें बढ़ा सकती है, जिसकी वजह मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की बढ़ती लागत है, जो एआई डेटा सेंटरों की बढ़ती मांग के कारण लगातार महंगी होती जा रही हैं।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल से बातचीत में एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने कहा कि कंपनी अब कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतों का पूरा बोझ खुद नहीं उठा सकती और भविष्य में इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ सकता है।
टिम कुक के हवाले से कहा गया, "दुर्भाग्यवश, कीमतों में बढ़ोतरी अब टाली नहीं जा सकती।"
उन्होंने कहा, "हम लगातार बढ़ रही लागत को कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और अब तक ग्राहकों को इससे बचाने का प्रयास किया है, लेकिन अब यह स्थिति लंबे समय तक बनाए रखना संभव नहीं है।"
टिम कुक की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एआई-आधारित तकनीकों की बढ़ती मांग का असर वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला पर साफ दिखाई दे रहा है।
ऑटोमोबाइल, खुदरा और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़े कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि मेमोरी चिप्स की बढ़ती मांग के कारण उपभोक्ता उत्पाद महंगे हो सकते हैं और आपूर्ति में भी दिक्कतें आ सकती हैं।
हालांकि, कुक ने यह नहीं बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी कब से लागू होगी, यह कितनी होगी और एप्पल के कौन-कौन से उत्पाद इससे प्रभावित होंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स एप्पल के लिए बड़ी चिंता बनकर उभरे हैं। खासकर डायनेमिक रैंडम एक्सेस मेमोरी (डीआरएएम) बाजार में आपूर्ति दबाव में है।
ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि चिप निर्माता अपनी उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा एआई सर्वरों में इस्तेमाल होने वाली हाई-बैंडविड्थ मेमोरी के लिए आवंटित कर रहे हैं।
टिम कुक ने कहा कि मेमोरी की बड़ी मात्रा अब एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर जा रही है, जिससे उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए इसकी उपलब्धता कम हो रही है।
उन्होंने कहा, "ऐसे समय में जब उपभोक्ता नए उपकरण खरीदना चाहते हैं, बाजार में मेमोरी की उपलब्धता कम हो रही है और मेमोरी बनाने वाली कंपनियां भारी कीमत बढ़ोतरी का बोझ आगे बढ़ा रही हैं।"
कुक ने आगे कहा कि उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए मेमोरी की कीमतें और आपूर्ति फिर से सामान्य और संतुलित स्तर पर आनी चाहिए।
इससे पहले अप्रैल में एप्पल ने घोषणा की थी कि हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जॉन टर्नस, 1 सितंबर 2026 से टिम कुक की जगह कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनेंगे।
इसके साथ ही टिम कुक कंपनी में नवगठित कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका संभालेंगे। इस पद पर रहते हुए वह वैश्विक नीति-निर्माताओं के साथ संवाद करेंगे और कंपनी के कुछ महत्वपूर्ण मामलों में सहयोग देते रहेंगे।
--आईएएनएस
डीबीपी