☰
×

तीन साल पहले शुरू की संगीत सीखने की शुरुआत: अनुभव सिन्हा

 

मुंबई, 29 सितंबर (आईएएनएस)। फिल्मकार अनुभव सिन्हा ने खुलासा किया है कि उन्होंने करीब तीन साल पहले संगीत सीखना शुरू किया था। उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही संगीत का शौक रहा है और यह हमेशा से उनके जुनून का हिस्सा रहा है।

अनुभव सिन्हा ने हाल ही में अपने म्यूजिक लेबल ‘बनारस बीट’ के तहत नया गाना ‘बारिश और तुम’ रिलीज किया है। इस गाने को अब्दुल शेख ने अपनी आवाज दी है। यह ट्रैक पुरानी यादों, हल्के रोमांस और आत्ममंथन जैसे भावों को सामने लाता है।

इस म्यूजिक वेंचर के पीछे अपने व्यक्तिगत जुड़ाव और सोच को साझा करते हुए अनुभव सिन्हा ने कहा, “एक बहुत दिलचस्प कहावत है कि अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए कुछ नहीं करते, तो वह एक सपना है। लेकिन अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए बहुत कुछ करते हैं, तो वह महत्वाकांक्षा है।”

उन्होंने आगे कहा, “बनारस बीट करीब 7-8 साल पहले मेरे दिमाग और ऑफिस में बना था। मुझे संगीत बहुत पसंद है। इतना पसंद है कि तीन साल पहले मैंने संगीत सीखना शुरू किया। बचपन से ही संगीत के प्रति मेरा जुनून रहा है। मेरे कमरे में हमेशा संगीत बजता रहता है।”

‘बारिश और तुम’ के म्यूजिक वीडियो को भी एक अलग अंदाज में तैयार किया गया है। वीडियो में आधी एआई और आधी मानव-निर्मित एनीमेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें शांत पहाड़ी इलाकों और शहर के दृश्यों को एक साथ दिखाया गया है। वीडियो यह बताने की कोशिश करता है कि बारिश की एक साधारण फुहार भी किस तरह किसी अपने की यादों को फिर से ताजा कर सकती है।

‘बनारस बीट’ की शुरुआत का विचार करीब आठ साल पहले अनुभव सिन्हा के मन में आया था। इसके बाद उन्होंने संगीतकारों और क्रिएटर्स की एक समर्पित टीम तैयार की और इस विचार को एक म्यूजिक लेबल का रूप दिया। फिल्मी गानों से आगे बढ़ते हुए यह लेबल स्वतंत्र और ओरिजिनल संगीत को श्रोताओं तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।

नए गाने के विचार को लेकर निर्माताओं ने एक बयान में कहा कि बारिश दुनिया की रफ्तार को धीमा कर देती है और अपने पीछे यादों, भावनाओं तथा उन लोगों के लिए जगह छोड़ जाती है, जो हमारे बेहद करीब होते हैं। ‘बारिश और तुम’ प्यार और इंतजार की एक भावुक अभिव्यक्ति है, जो बारिश के जरिए अतीत की यादों के वर्तमान में लौट आने के एहसास को बयां करता है।

यह गाना प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।

--आईएएनएस

डीएससी