बिस्मिल्लाह खान का घर टूटने पर भावुक हुए अनुभव सिन्हा, बोले-हमारी पीढ़ी घर भी नहीं बचा पाई
मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। हाल ही में दिवंगत शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को तोड़े जाने की खबरों के बीच फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर अनुभव सिन्हा ने समाज के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया पर इस घर को सड़क निर्माण के लिए तोड़े जाने के दावे किए जा रहे थे, लेकिन वाराणसी विकास प्राधिकरण ने ऐसे किसी आदेश से इनकार किया है। प्राधिकरण के मुताबिक, परिवार ने मरम्मत और नए निर्माण के लिए घर को खुद तोड़ा है।
अनुभव सिन्हा ने सोमवार को एक्स अकाउंट पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने वाराणसी के कुछ युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ शहर घूमने और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर जाने का किस्सा सुनाया। उन्होंने लिखा, ''कुछ महीने पहले मैं वाराणसी गया था। वहां अब बहुत से युवा इन्फ्लुएंसर्स हैं। वे अपनी दुनिया में बड़े नाम बन रहे हैं और पहचान हासिल कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने मुझे एक बार फिर मेरा बनारस दिखाया। वे इस शहर को मुझसे बेहतर जानते हैं और इससे बहुत प्यार करते हैं। वे मुझे शहर घुमा रहे थे, तभी अचानक मेरे मन में बिस्मिल्लाह खान के घर जाने का ख्याल आया। इसके बाद हम उनके घर पहुंचे।''
अनुभव ने बताया कि उस्ताद का घर उस हालत में नहीं था, जैसा देश के इतने बड़े कलाकार का घर होना चाहिए था। उन्होंने बिस्मिल्लाह खान को एक ईमानदार इंसान बताते हुए कहा कि शायद उन्होंने कभी इतना पैसा नहीं कमाया कि जिस घर से उन्हें इतनी शोहरत, ज्ञान और सम्मान मिला, उसके आसपास की जगह को बेहतर बना सकें।
उन्होंने लिखा, ''आज भी उनके सभी एल्बम बजते हैं, लेकिन मुझे बताया गया कि रॉयल्टी का एक भी पैसा उनके घर तक नहीं पहुंचता। उनके परिवार ने हमारा बहुत प्यार से स्वागत किया। उनका कमरा छत पर था। परिवार के लोग हमें वहां ले गए और कमरा खोलकर दिखाया। वहां एक कुर्सी थी, लकड़ी का एक पलंग था, जिस पर वह सोया करते थे। अलमारी पर कुछ टूटी हुई शहनाइयां रखी थीं। वह उसी छत पर बैठकर रियाज किया करते थे। पता नहीं मैं कितनी देर वहां बैठा रहा। दीवारों पर ऐसा कुछ नहीं था, जिसे मैं देख या पढ़ पाता। मेरी आंखें भर आईं, जबकि ऐसा बहुत कम होता है। मुझे महसूस हुआ जैसे मैं उनके साथ ही बैठा हूं। वहां से लौटने का बिल्कुल मन नहीं कर रहा था।''
अनुभव ने उस्ताद से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया। उन्होंने लिखा, ''कई साल पहले जब मैं वाराणसी गया था, तब एक पत्रकार ने मुझे बिस्मिल्लाह खान के बारे में एक दिलचस्प बात बताई थी। एक इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने उस्ताद से पूछा था कि शहनाई बजाते समय कभी-कभी उनके चेहरे पर मुस्कान क्यों आ जाती है? इस पर उन्होंने जवाब दिया था, ''हर दिन सही सुर कैसे लग सकता है? जब ऐसा होता है, तो दिल खुश हो जाता है।''
अनुभव ने लिखा, ''जिनकी उंगलियां सुरों को कठपुतलियों की तरह नचाती थीं, उनकी यह बात मुझे हमेशा याद रही। यह किस्सा गायिका सुनिधि चौहान को भी सुनाया था। इसे सुनकर सुनिधि करीब दस मिनट तक चुप हो गई थीं और मैं भी कुछ नहीं बोल पाया था।''
फिल्ममेकर ने यूरोप की एक यात्रा का किस्सा सुनाते हुए बताया कि कैसे उन्होंने वहां अपने एक फ्रांसीसी दोस्त को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का संगीत सुनाया। उन्होंने लिखा, ''कुछ महीने पहले मैं अपने एक दोस्त के साथ यूरोप यात्रा पर था। कार में संगीत बज रहा था। मशहूर नॉर्वेजियन जैज सैक्सोफोन वादक जान गारबारेक का संगीत सुनते हुए मुझे बिस्मिल्लाह खान की याद आ गई। सैक्सोफोन भी शहनाई से जुड़े वाद्ययंत्रों के परिवार का हिस्सा है। मैंने अपने फ्रांसीसी दोस्त से पूछा कि क्या उसने बिस्मिल्लाह खान को सुना है? उसने मना कर दिया। इसके बाद अगले तीन घंटे तक यूरोप की सड़कों पर बिस्मिल्लाह खान की शहनाई बजती रही।''
अनुभव ने कहा, ''मेरे दोस्त ने उत्सुकता से पूछा कि क्या यह संगीत गारबारेक से भी पहले का है? इस पर मैंने बताया कि बिस्मिल्लाह खान का जन्म 1916 में हुआ था। यह जानकर उनके दोस्त ने कहा कि उस्ताद ने वे सारे काम बहुत पहले कर दिए थे, जो पश्चिमी देशों में बाद में हुए।''
अपने पोस्ट में अनुभव ने बिस्मिल्लाह खान के बनारस से गहरे जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ''उस्ताद को दुनियाभर से बुलावा आता था, लेकिन वह हमेशा वाराणसी लौट आते थे। उनका मानना था कि दुनिया में बनारस जैसी कोई दूसरी जगह नहीं है। सड़कें भी जरूरी हैं और मुझे यह विश्वास है कि बनारस ने उस्ताद के घर को बचाने की पूरी कोशिश की होगी। मेरा पोस्ट घर टूटने के कारण पर सवाल उठाने के लिए नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उस्ताद और उनके संगीत से परिचित कराने के लिए है।''
उन्होंने लिखा, ''बिस्मिल्लाह खान मां सरस्वती और भगवान शिव के भक्त थे। वह मौलाना भी थे। गंगा में स्नान करते थे और मंदिर के पीछे बैठकर रियाज करते थे। वह देश का गौरव थे। उन्हें और उनके संगीत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। हमारी पीढ़ी उनका घर तक नहीं बचा पाई। आप कम से कम उनके संगीत और उनकी विरासत को जरूर बचाइए। वे हमारी धरोहर हैं और उनकी जिम्मेदारी भी हमारी ही है।''
इस बीच, वाराणसी विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को तोड़ने के लिए उसकी ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। परिवार ने खुद घर को नए सिरे से बनाने के लिए इसे तोड़ा है। परिवार ने पुनर्निर्माण के बाद उसी जगह भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान को समर्पित एक संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा है।
--आईएएनएस
पीके/वीसी