×

तमिलनाडु : महिलाओं की सुरक्षा के लिए महीनेभर चलने वाले अभियान की योजना बना रहे अन्नामलाई

 

चेन्नई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राजनेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई की ओर से सितंबर में पूरे तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा पर एक महीने तक चलने वाला जागरूकता अभियान शुरू की जा रही है। यह अभियान अन्नामलाई के संगठन 'वी द लीडर्स' के बैनर तले चलाया जाएगा।

यह कैंपेन महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके लिए सुरक्षित जगहें बनाने की अहमियत के बारे में लोगों को जागरूक करने पर केंद्रित होगा। उम्मीद है कि संगठन से जुड़े वॉलंटियर पूरे महीने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम और कम्युनिटी-लेवल की गतिविधियां चलाएंगे।

अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ने के बाद 'वी द लीडर्स' शुरू किया। उनके नई राजनीतिक पार्टी बनाने की तैयारी की भी खबर है। अपने राजनीतिक प्लान की औपचारिक घोषणा से पहले, अन्नामलाई संगठन के वॉलंटियर्स की मदद से कई सामाजिक जागरूकता पहल कर रहे हैं।

इन कैंपेन को तमिलनाडु में लोगों से जुड़ने और जमीनी स्तर पर अपने संगठन की मौजूदगी बढ़ाने की उनकी कोशिशों के तौर पर देखा जा रहा है। हर महीने, 'वी द लीडर्स' किसी खास सामाजिक मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करता है और उससे जुड़ी जन-संपर्क गतिविधियां चलाता है।

जुलाई में, अन्नामलाई ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक बड़ा कैंपेन चलाया था। इस पहल का मकसद युवाओं और परिवारों को नशीले पदार्थों से बढ़ते खतरे और नशाखोरी को रोकने में कम्युनिटी की भागीदारी की जरूरत के बारे में जागरूक करना था।

अगस्त के दौरान, संगठन ने अपना ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर लगाया। वॉलंटियर राज्य भर में समुद्र तटों, नदियों और अन्य जल निकायों की सफाई में शामिल रहे हैं। संगठन के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक लगभग 190 टन कचरा हटाया जा चुका है।

'वी द लीडर्स' ने बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया है। संगठन का दावा है कि उसके बैनर तले तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में लगभग सात लाख पौधे लगाए गए हैं। इस पहल का मकसद हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण में लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम