×

'मोधा रात्रि' में अनिष्मा अनिलकुमार का अलग अंदाज, बोलीं-'किरदार की भावनाओं ने मुझे अपनी ओर खींचा'

 

मुंबई, 20 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री अनिष्मा अनिलकुमार जल्द ही निर्देशक राजा करुप्पासामी की आने वाली कॉमेडी फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'मोधा रात्रि' में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर अनिष्मा ने कहा कि उन्हें इस फिल्म की ओर सबसे ज्यादा उनके किरदार से जुड़ी भावनाओं ने आकर्षित किया। उनके किरदार के अंदर कई तरह की भावनाएं और विचार चलते रहते हैं।

फिल्म को लेकर अनिष्मा अनिलकुमार ने कहा, ''जब मुझे फिल्म के बारे में पता चला तो सबसे पहले किरदार की भावनाओं ने मेरा ध्यान खींचा। मेरा किरदार ऐसी महिला का है, जिसके मन में बहुत कुछ चलता रहता है, लेकिन वह हर बात खुलकर नहीं कहती। इस तरह की भूमिका निभाना मेरे करियर के लिए खास मौका है क्योंकि इसके जरिए मुझे एक महिला की अंदर की दुनिया को समझने और पर्दे पर दिखाने का मौका मिल रहा है।''

अनिष्मा ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, ''महिलाएं अक्सर एक ही समय में कई तरह की भावनाओं से गुजरती हैं। खासकर जब कोई महिला अपने जीवन के किसी नए दौर में पहुंचती है या किसी अनजान स्थिति का सामना करती है, तो उसके मन में उम्मीद, डर, घबराहट और कई सवाल एक साथ हो सकते हैं। मैं अपने किरदार को सिर्फ एक सामान्य हीरोइन की तरह पेश नहीं करना चाहती थीं। मैं उसे सच्चाई के साथ निभाना चाहती थीं, ताकि दर्शक उसके साथ जुड़ सकें।''

अभिनेत्री ने कहा, '''मोधा रात्रि' ने मुझे अपने अभिनय का एक ज्यादा गंभीर और समझदार पक्ष दिखाने का मौका दिया। फिल्म में कॉमेडी है लेकिन कहानी के पीछे कुछ ऐसी भावनाएं भी हैं, जिन्हें दर्शक आसानी से समझ सकते हैं। एक महिला जब अपनी जिंदगी के नए पड़ाव में कदम रखती है तो उसके मन में कई उम्मीदें और डर होते हैं। फिल्म इन भावनाओं को हल्के-फुल्के अंदाज में सामने लाती है।"

अनिष्मा ने फिल्म के निर्देशक राजा करुप्पासामी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''निर्देशक ने मुझे अपनी तरह से भूमिका को समझने का मौका दिया। मैं फिल्म के निर्माताओं का भी शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। को-स्टार ऋषिकांत के साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि दोनों के किरदारों के बीच दिखाई जाने वाली भावनाओं को दर्शक पसंद करेंगे।''

'मोधा रात्रि' में अनिष्मा और ऋषिकांत के अलावा चेतन, ए. वेंकटेश, बगवती पेरुमल, अब्दुल ली, शेली किशोर, संगीता बालन, बानुप्रिया, सुमित्रा देवी एल., कार्तिकेयन, वेलन और कौशिक कबिलन जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले नवीन येरनेनी और वाई. रवि शंकर ने किया है। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 21 अगस्त को रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/पीएम